UP Politics: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार (05 नवंबर) को लखनऊ में बड़ी बैठक की। उन्होंने पदाधिकारियों को 1 घंटे तक चुनाव में जीत का मंत्र दिया। बैठक में फैसला लिया गया कि मायावती 6 दिसंबर को डॉ. अंबेडकर की पुण्यतिथि पर लखनऊ में बड़ी रैली करेंगी। बसपा सुप्रीमो ने कहा- यह रैली ऐतिहासिक होगी। अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी। उस दिन हम मैदान (अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल) ही नहीं, बल्कि पूरे लखनऊ को लोगों से भर देंगे।
बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए घोषित हो चुके प्रत्याशियों और दावेदारों पर भी चर्चा हुई। आगामी 1 महीने में पार्टी के कार्यक्रमों और आकाश आनंद की रैलियों में भीड़ इकट्ठा करने को लेकर भी मंथन हुआ। इससे पहले बैठक में मायावती के भतीजे आकाश आनंद भी शामिल हुए। उन्होंने पैर छूकर बुआ आशीर्वाद लिया। पार्टी ऑफिस के पास बसपा समर्थकों ने ‘दोगलों से सावधान’ लिखे पोस्टर लगाए।
चंद्रशेखर और मायावती की रैली से बढ़ेगा सियासी पारा
आजाद समाज पार्टी (ASP) प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में 26 नवंबर को शक्ति प्रदर्शन दिखाने की तैयारी में है। रमाबाई मैदान की क्षमता लगभग 5 लाख है। अभी तक इस मैदान को सिर्फ मायावती ही भर पाई हैं। चंद्रशेखर ने इस मैदान को 3 दिन के लिए बुक किया है। इस रैली में ASP और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के गठबंधन का ऐलान भी हो सकता है।
अब मायावती ने ‘पूरे लखनऊ को भर देंगे’ वाले बयान से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। बसपा और ASP की रैलियों को दलित राजनीति में दोनों दलों के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। मायावती ने आज की बैठक में रैली की तैयारियों पर भी चर्चा की। पदाधिकारियों को अलग-अलग जिलों से कार्यकर्ताओं को लाने, भीड़ जुटाने और रैली की व्यवस्थाएं संभालने की जिम्मेदारी तय की गई।
100 से ज्यादा प्रत्याशी घोषित कर चुकी बसपा
बसपा अब तक करीब 100 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। मायावती ने नवंबर तक अधिकतर सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में इस प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा हुई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक के बाद मायावती दिल्ली जा सकती हैं। वहां उन्हें सरकार की ओर से आवंटित आवास का कब्जा लेना है।
इसके अलावा, वह अपनी छोटी बहन की बेटी की शादी में भी शामिल होंगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार, राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा और आजमगढ़ की मंडल कोऑर्डिनेटर इंदु सिंह समेत करीब 550 पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें राज्य इकाई के सभी स्तर के पदाधिकारी और सभी 75 जिलों के अध्यक्ष शामिल हुए।
