योगी सरकार का 10 लाख किसानों को दिवाली गिफ्ट, अब बर्बाद फसलों पर मिलेगा 30% तक ज्‍यादा मुआवजा

योगी सरकार का 10 लाख किसानों को दिवाली गिफ्ट, अब बर्बाद फसलों पर मिलेगा 30% तक ज्‍यादा मुआवजा

UP News: उत्‍तर प्रदेश की योगी सरकार ने दिवाली से पहले किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को ऐलान किया कि अब फसल के नुकसान पर 25 से 30% ज्यादा मुआवजा मिलेगा। इससे 10 लाख किसानों को फायदा पहुंचने का अनुमान है। सरकार ने आपदा राहत राशि भी बढ़ा दी है। प्राकृतिक आपदा में मौत होने पर मृतक के परिवार को अब 4 लाख की जगह 8 लाख रुपए मिलेंगे।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, यह फैसला 1 अप्रैल से 4 नवंबर 2026 तक हुए नुकसान पर लागू होगा। 3 दिन पहले योगी ने किसानों को लेकर कहा था- बारिश, बाढ़ और सूखे से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसका मुआवजा दिया जा रहा है, लेकिन सरकार 3 करोड़ किसान परिवारों के लिए जल्द ही अलग विशेष आर्थिक पैकेज लाएगी।

जानवरों की मौत पर पशुपालकों को ज्यादा मुआवजा मिलेगा

आपदा में पशुओं की मौत होने पर अब पशुपालकों को ज्यादा मुआवजा मिलेगा। बड़े पशुओं की मौत पर 40 हजार की जगह 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।

बकरी, भेड़ और सूअर जैसे छोटे पशुओं की मौत पर 4 हजार की जगह 5,500 रुपए मिलेंगे। घोड़े और खच्चर जैसे भार ढोने वाले पशुओं की मौत पर 20 हजार की जगह 25,400 रुपए दिए जाएंगे। वहीं, मुर्गीपालकों को हर मुर्गी की मौत पर 100 की जगह 130 रुपए मिलेंगे।

किसानों को फसल के नुकसान पर ज्यादा मदद मिलेगी

सिंचाई वाले इलाकों में फसल खराब होने पर अब 17 हजार की जगह 22 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवजा मिलेगा। बारिश से फसल को नुकसान होने पर 8,500 की जगह 11 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर दिए जाएंगे।

वहीं, बारहमासी फसलों और कृषि वानिकी के नुकसान पर मुआवजा 22,500 से बढ़ाकर 30 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है।

मकान, स्कूल की मरम्मत के लिए ज्यादा मदद मिलेगी

सरकार ने मकान, स्कूल, सड़क और अस्पतालों की मरम्मत के लिए भी मदद बढ़ाई है। मैदानी इलाकों में पूरी तरह टूटे मकान के लिए 1.85 लाख रुपए और पहाड़ी इलाकों में 2.06 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।

वहीं, मैदानी इलाकों में आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत के लिए 93 हजार रुपए मिलेंगे। इसके अलावा, प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत के लिए 15.50 लाख रुपए दिए जाएंगे।

रेशम उत्पादन में नुकसान पर ज्यादा मुआवजा मिलेगा

सरकार ने रेशम उत्पादन में नुकसान पर मिलने वाली मदद भी बढ़ा दी है। एरी, शहतूत और टसर रेशम के नुकसान पर अब 6 हजार की जगह 7,800 रुपए प्रति हेक्टेयर मिलेंगे। वहीं, मूगा रेशम के नुकसान पर सहायता राशि 7,500 से बढ़ाकर 9,800 रुपए प्रति हेक्टेयर कर दी गई है।

राहत शिविरों में 30 दिन तक मिलेगी मदद

कृषि भूमि से गाद हटाने के लिए अब 18 हजार की जगह 23 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की सहायता मिलेगी। भूस्खलन और हिमस्खलन से जमीन को नुकसान होने पर 47 हजार की जगह 60 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर दिए जाएंगे।

आपदा प्रभावित परिवारों को राहत शिविरों में 30 दिनों तक मदद मिलेगी। वहीं, सूखे की स्थिति में 90 दिनों तक पीने के पानी की व्यवस्था के लिए सहायता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *