

Lucknow Fashion Influencer: जौनपुर की रहने वाली शैलजा मिश्रा ने अपनी मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच के दम पर लखनऊ में फैशन इनफ्लुएंसर के रूप में खास पहचान बनाई है। उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने जिस तरह से अपने करियर को नई दिशा दी, वह कई युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। आज शैलजा मिश्रा राजधानी में तेजी से उभरते हुए एक चर्चित फैशन इनफ्लुएंसर के तौर पर जानी जाती हैं। शैलजा मिश्रा ने बीकॉम, एमकॉम, एमबीए और बीएड की पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय तक बैंक में नौकरी भी की, लेकिन उनका मन हमेशा कुछ रचनात्मक करने में लगता था। इसी सोच के साथ उन्होंने फैशन और ब्यूटी की दुनिया में कदम रखा और धीरे धीरे इस क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना ली।



लोगों तक पहुंचा रहीं स्टाइल और ब्यूटी से जुड़े नए ट्रेंड
आज शैलजा मिश्रा अपना खुद का व्यवसाय भी सफलतापूर्वक चला रही हैं और साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से फैशन, स्टाइल और ब्यूटी से जुड़े नए ट्रेंड लोगों तक पहुंचा रही हैं। उनके काम की खासियत यह है कि वह फैशन को सरल और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करती हैं, जिससे युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। शैलजा मिश्रा को घूमना, फिल्में देखना और रचनात्मक काम करना बेहद पसंद है। खाली समय में वह पढ़ाई करना, नई चीजें सीखना और खबरें देखना पसंद करती हैं। इसके साथ ही वह एक पशु प्रेमी भी हैं और जानवरों के प्रति खास लगाव रखती हैं। उनकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि आज वह लखनऊ में फैशन और लाइफस्टाइल से जुड़े लोगों के बीच तेजी से पहचान बना रही हैं।



फिल्मी दुनिया के बड़े नामों ने भी सराहा हुनर
शैलजा मिश्रा के काम की सराहना सिर्फ आम लोगों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि फिल्मी दुनिया से जुड़े बड़े नाम भी उनके हुनर की तारीफ कर चुके हैं। हिंदी सिनेमा के जाने माने निर्देशक अनुभव सिन्हा, जिन्होंने शाहरुख खान, मनोज बाजपेई, अजय देवगन, सुनील शेट्टी और अभिषेक बच्चन जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया है, उन्होंने भी शैलजा मिश्रा के काम की सराहना की है। इसके अलावा मौजूदा समय के प्रतिभाशाली अभिनेता विजय वर्मा भी लखनऊ में उनसे मुलाकात कर चुके हैं और उनके हुनर की प्रशंसा कर चुके हैं। यह उपलब्धि उनके बढ़ते प्रभाव और पहचान को दर्शाती है।





