UP News: उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में शुक्रवार सुबह से तेज धूप है। गर्म हवाएं चल रही हैं। गुरुवार (16 अप्रैल) को बांदा का तापमान 44.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिछले साल 22 अप्रैल को प्रयागराज का पारा 44.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। यानी, इस बार 6 दिन पहले ही अधिकतम तापमान पिछले साल से ज्यादा पहुंच गया।
यही नहीं, 16 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री या इसके पार दर्ज किया गया। प्रयागराज, वाराणसी समेत 50 शहरों में भीषण गर्मी पड़ी। स्कूल जा रहे बच्चे मुंह पर कपड़े बांधे और छाते लिए नजर आए। वहीं, लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तापमान 2-3 डिग्री बढ़ेगा। इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। हालांकि, इसकी वजह से बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन हवाओं के रुख में बदलाव आएगा। आसमान में बादल छा सकते हैं। गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है।
दरियाई घोड़े पानी भरे तालाब से निकल ही नहीं
बढ़ती गर्मी का असर अब जानवरों पर साफ दिखाई देने लगा है। गोरखपुर चिड़ियाघर में दरियाई घोड़े पानी भरे तालाब से निकल ही नहीं रहे। गर्मी में ठंडे पानी में आनंद ले रहे हैं। कानपुर चिड़ियाघर में गैंडे के लिए कीचड़ का तालाब बनाया गया है। हिरन-शेरों पर लिए पानी की फुहारें डाली जा रहीं।
अब शहरों का हाल जानिए
वाराणसी में सुबह का तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 8 दिनों तक तापमान 40 डिग्री के पार बना रह सकता है। मेरठ में सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कल की तुलना में आज गर्मी थोड़ी कम महसूस हो सकती है। गोरखपुर में सुबह से तेज धूप निकली हुई है और गर्मी महसूस की जा रही है। आज अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री के आसपास रह सकता है।
क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में कोई सक्रिय वेदर सिस्टम (मौसम तंत्र) नहीं होने की वजह से शुष्क पछुआ हवाएं सीधे मैदानी इलाकों में आ रही हैं। इसके साथ ही कर्नाटक और महाराष्ट्र के ऊपर बना एक एंटी-साइक्लोन अब मध्य भारत की ओर खिसक रहा है। इसी कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
04 दिन कैसा रहेगा मौसम?
18 अप्रैल: पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। गर्म हवाएं चलेंगी। गर्मी बढ़ेगी।
19 अप्रैल: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में आसमान साफ रहेगा। तेज हवाएं चल सकती हैं। तेज धूप से गर्मी बढ़ेगी।
20 अप्रैल: प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। बारिश या आंधी की चेतावनी नहीं है।
21 अप्रैल: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज धूप रहेगी। गर्मी के तेवर और तेज होंगे।

