India Food Expo 2026: लखनऊ में 1090 चौराहे के पास रेगालिया ग्रीन्स में शुक्रवार (18 सितंबर) से इंडिया फूड एक्सपो-2026 शुरू हुआ। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव के पास गुंडे, अपराधी और माफिया हैं, जबकि भाजपा के पास बूथ स्तर तक देश और प्रदेश के लिए जीवन दांव पर लगाकर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ता हैं।
डिप्टी सीएम ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता सरकार बनाने के सपने देख रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सुरक्षा, सुशासन और विकास चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं से सपा के गुंडे नहीं लड़ सकते और प्रदेश की जनता भी उनके साथ नहीं है।
2017 से पहले की सपा सरकार पर आरोप
केशव मौर्य ने 2017 से पहले की सपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में गुंडागर्दी का माहौल था। उद्योग लगाने वाले लोग पलायन की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद निवेश बढ़ा है। सरकार का लक्ष्य रोजगार के अवसर बढ़ाना और उद्योगों को सुरक्षा व सहयोग देना है।
फूड एक्सपो में केशव मौर्य ने फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को लेकर सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फूड पॉलिसी-2023 के तहत फूड इंडस्ट्री लगाने वालों को अलग-अलग तरह के अनुदान दिए जा रहे हैं। महिला उद्यमियों के लिए सोलर सब्सिडी का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि किसानों के उत्पादों को फूड प्रोसेसिंग के जरिए तैयार उत्पादों में बदला जा सकता है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ खाद्य उत्पादों के निर्यात को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।
800 से ज्यादा ब्लॉकों में THR प्लांट की तैयारी
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 200 से ज्यादा टेक-होम राशन (THR) प्लांट चल रहे हैं। 800 से ज्यादा ब्लॉकों में ऐसी इकाइयां स्थापित करने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों से एक्सपो में प्रदर्शित मशीनरी और तकनीक देखने को कहा। साथ ही इन्हें महिला स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया।
रेगालिया ग्रीन्स में आयोजित यह एक्सपो तीन दिन चलेगा। यह इंडिया फूड एक्सपो का 11वां संस्करण है। इस बार उत्तर प्रदेश के करीब 55 जिलों की भागीदारी है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ के तहत जिलों के पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय खाद्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और राजस्थान समेत कई राज्यों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। यहां लोग अलग-अलग राज्यों और जिलों के पारंपरिक व्यंजन देख और चख सकते हैं।
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) September 18, 2026
फूड प्रोसेसिंग और पैकेजिंग पर जोर
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि लोगों की खाने की आदतें बदल रही हैं। रेडी-टू-कुक और रेडी-टू-ईट उत्पादों की मांग बढ़ी है। ऐसे में फूड प्रोसेसिंग उद्योग की भूमिका भी बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि खाद्य उत्पादों में गुणवत्ता और सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। इसके लिए नई तकनीक और बेहतर पैकेजिंग अपनानी होगी।
किसानों और कारोबारियों को मिलेगा मंच
एक्सपो में सरकारी विभागों, किसानों, उद्योगों और संस्थानों को एक मंच पर लाया गया है। उत्तर प्रदेश का हॉर्टिकल्चर विभाग, इन्वेस्ट यूपी, CFTRI, APEDA, NIFTEM, FPO, NABARD और SBI समेत कई संस्थान इसमें शामिल हैं। यहां किसानों और कारोबारियों को फूड प्रोसेसिंग, तकनीक, वित्तीय सहायता, बाजार और निर्यात से जुड़ी जानकारी मिलेगी। FPO से जुड़े किसान भी अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं।
कारोबार बढ़ाने पर सेमिनार
एक्सपो में फ्रैंचाइज इंडिया के साथ सेमिनार भी होगा। इसमें खाद्य कारोबार को बड़े स्तर पर ले जाने, नए बिक्री केंद्र खोलने और SOP तैयार करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
केशव मौर्य ने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ की तरह ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग जिलों के स्थानीय खाद्य उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने पर जोर है।
