Delcy Rodriguez: वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज तीन से सात जून तक भारत के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन के बाद दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने की कोशिशें जारी हैं। बता दें कि अमेरिका द्वारा तीन जनवरी को वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने के बाद रोड्रिगेज को देश का कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया गया था। भारत के विदेश मंत्रालय ने रोड्रिगेज को कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में संबोधित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि रोड्रिगेज पहले एक जून को होने वाले इंटरनेशनल बिग कैट्स एलायंस शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाली थीं, लेकिन सम्मेलन स्थगित होने के बाद वह कार्यकारी दौरे पर भारत आ रही हैं।
यात्रा के दौरान क्या–क्या करेंगी रेड्रिगेज?
इस यात्रा के दौरान डेल्सी रोड्रिगेज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। दोनों पक्ष ऊर्जा, व्यापार, निवेश, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। रोड्रिगेज के साथ वेनेजुएला के विदेश, अर्थव्यवस्था एवं वित्त, विज्ञान व प्रौद्योगिकी, संचार और परिवहन मंत्री भी भारत आ रहे हैं। डेल्सी रोड्रिगेज का भारत से पुराना जुड़ाव रहा है। वह 2015 में विदेश मंत्री के रूप में और 2019, 2023, 2024 व 2025 में उपराष्ट्रपति के रूप में भारत का दौरा कर चुकी हैं। कार्यवाहक राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी और कुल मिलाकर यह उनका छठा भारत दौरा है।

