Parliament Monsoon Session 2026: संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार (07 अगस्त) को भी तेज बारिश के बीच राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जंतर-मंतर प्रदर्शन में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं, विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) MSME विधेयक 2026 ध्वनिमत से पास हुआ। दोनों सदन सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिए गए हैं।
राज्यसभा में लगे ‘अमित शाह सदन में आओ’ के नारे
राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने ‘अमित शाह सदन में आओ’ के नारे लगाए। इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि शाह सुबह से रात तक संसद में ही रहते हैं। उन्होंने लोकसभा में कहा कि अमित शाह का नाम सुनते ही आतंकी कांप उठते हैं।
वहीं, शुक्रवार को सुबह 9 बजे पीएम मोदी से उनके घर पर करीब 45 नए लोकसभा सांसदों ने नाश्ते पर मुलाकात की। नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के जगदीश बसुनिया ने कहा- PM ने हमसे कहा कि हम सभी NDA परिवार का हिस्सा हैं।
कांग्रेस ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया
कांग्रेस ने शुक्रवार को लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव देकर छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा की मांग की है। सांसद मणिकम टैगोर ने गृह मंत्री अमित शाह से पूरे मामले पर बयान देने और न्यायिक जांच कराने की मांग की।
लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार को 11 बजे शुरू हुई लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण 12 बजे तक के लिए स्थगित हुई। 12 बजे दोबारा कार्यवाही शुरू हुई और 10 मिनट तक चली लेकिन फिर सोमवार तक स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई और 30 मिनट तक चली। लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण पहले 12 बजे तक और फिर 12 बजे कार्यवाही शुरू होने पर सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा से MSME संशोधन विधेयक पास
लोकसभा से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक 2026 (MSME विधेयक) ध्वनिमत से पास हुआ। इसके बाद लोकसभा सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
