CJP Protest News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार (02 अक्टूबर) को मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए प्रदर्शन किया। इस दौरान स्टेज पर मौजूद सभी लोग गांधी जी की फोटो वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचे। इससे पहले CJP ने 19 जून से 25 जुलाई तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान (पूर्व शिक्षा मंत्री) के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। 36 दिन के विरोध के बाद प्रधान ने इस्तीफा दे दिया था।
CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा- जब भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका जाते हैं, तब भी वहां कहा जाता है कि ये गांधी के देश से आए हैं। गांधी देश की आत्मा हैं, आंबेडकर रीढ़ की हड्डी और नेहरू दिमाग हैं। कॉकरोच जनता पार्टी ने यह भी कहा कि मुंबई पुलिस ने हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्ण होने दिया। मुंबई तो सिर्फ ट्रेलर है, जो करना है कर लो, फाइनल तो हम जंतर-मंतर पर ही खेलेंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी की प्रमुख मांगें
- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें।
- आने वाले सभी चुनावों को रोका जाए।
- जनवरी 2025 की वोटर लिस्ट वापस लाई जाए।
- SIR प्रक्रिया को बंद कर जांच के लिए कमेटी बनाई जाए।
- मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के 2023 के कानून को हटाकर नया कानून बनाया जाए।
राहुल गांधी ने कहा– नौजवान वोट चोरी के खिलाफ सड़कों पर हैं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने X पर पोस्ट कर कहा कि बापू ने सच बोलने और शांति से लड़ने की सीख दी थी, और यही बात सरकार को सबसे ज्यादा डराती है। लाठी से भीड़ रोकी जा सकती है, सवाल नहीं। ज्ञानेश कुमार जाएंगे, और जिस सिस्टम ने उन्हें बिठाया है, वो भी जाएगा। हजारों नौजवान वोट चोरी के खिलाफ अपने संवैधानिक अधिकार के साथ शांतिपूर्वक सड़कों पर हैं। उनकी मांग साफ है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और लोकतंत्र बचे।
दीपके का आरोप– BJP ‘एक देश, एक पार्टी’ चाहती है
मुंबई में चल रहे प्रदर्शन के बीच सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि ‘एक देश, एक चुनाव’ सिर्फ एक नारा है। दरअसल, BJP ‘एक देश, एक पार्टी’ चाहती है।
वहीं, CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने फिर से बर्बरता की है, सुधर जाओ वरना हम तुम्हें सुधार देंगे।
