Indian Coast Guard News: अरब सागर में भारतीय तटरक्षक बल ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े प्रयास को नाकाम किया है। लक्षद्वीप के पश्चिम में समुद्र में कार्रवाई करते हुए एक ईरानी जहाज (धो) को पकड़ा गया। जहाज पर पांच पाकिस्तानी नागरिक सवार थे। तलाशी के दौरान 526 किलोग्राम हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू हुआ ऑपरेशन
भारतीय तटरक्षक बल के मुताबिक, यह कार्रवाई गुजरात एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) के साथ मिलकर की गई। समुद्र और हवा से निगरानी के जरिए संदिग्ध जहाज की लगातार ट्रैकिंग की गई। इसके बाद 25 सितंबर को तटरक्षक बल ने उसका पीछा किया और जहाज पर सवार होकर तलाशी ली।
कोस्ट गार्ड ने बताया कि कार्रवाई के दौरान संदिग्ध ईरानी धो, उसके चालक दल और जब्त किए गए मादक पदार्थों को हथियारबंद सुरक्षा के बीच मुंबई लाया गया है। यहां विभिन्न एजेंसियां मिलकर आरोपियों से पूछताछ करेंगी और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
526 किलो हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद
तटरक्षक बल के अनुसार, जब्त किए गए मादक पदार्थों में हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल हैं। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
तटरक्षक बल ने कहा कि समुद्री निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर की गई इस कार्रवाई से भारत के समुद्री क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने की क्षमता का पता चलता है।
‘नशा मुक्त भारत’ अभियान से जोड़ा
कोस्ट गार्ड ने कहा कि समुद्री रास्ते से आने वाले मादक पदार्थों को तट तक पहुंचने से पहले रोकना सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के प्रयासों में मदद करता है। बल ने कहा कि वह देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।
अब मुंबई में संयुक्त पूछताछ और जांच के दौरान इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके पीछे मौजूद पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
