Lucknow: राजधानी में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने यूपीआई पेमेंट पर एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) लगाए जाने के खिलाफ प्रदर्शन किया। कैसरबाग स्वास्थ्य भवन चौराहे से कलेक्ट्रेट का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकरियों को रोककर पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारी जिला अधिकारी कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे मगर पुलिस ने जाने नहीं दिया। इस दौरान धक्कामुक्की हुई। आप कार्यकर्ताओं ने पुलिस के ऊपर अभद्रता और अधिकारों के हनन का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार ऐसे निर्णय लिये जा रहे हैं है, जिससे आम जनता परेशान हो रही है और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। आप जिलाअध्यक्ष इरम ने कहा कि महंगाई की मार से आम जनता पहले ही परेशान है। सरकार हर दिन आम लोगों से पैसे लेने का नया तरीका खोज रही है। गैस, पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी के साथ ही राशन और चीनी की कीमतों में इजाफे से लोगों का बजट बिगड़ा हुआ है।
आमदनी घटती जा रही है महंगाई बढ़ती जा रही है मगर सरकार को आम जनता का दर्द नजर नहीं आ रहा है। मांग है कि एमडीआर को तत्काल वापस लिया जाए। व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि ये सरकार पूरे देश में मात्र 43 व्यापारियों कि है। सत्ता में बैठे हुए लोग आम व्यापारी के बारे में नहीं सोचते हैं। अब ऑनलाइन पेमेंट पर चार्ज लगाने की बात से व्यापारियों की परेशानी और बढ़ जाएगी। यूपीआई के जरिए होने वाले डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल आम लोगों और छोटे व्यापारियों के बीच बड़े स्तर पर होता है। ऐसे में एमडीआर का बोझ व्यापारियों के लिए नई मुसीबत है। हम लोग इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे।
