PDA समाज को डराने के लिए लठतांत्रिक तरीके अपना रही सरकार: अखिलेश यादव

PDA समाज को डराने के लिए लठतांत्रिक तरीके अपना रही सरकार: अखिलेश यादव

Lucknow  News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार (19 सितंबर) को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कभी लोधी समाज तो कभी निषाद समाज के जनप्रतिनिधियों व नेताओं को निशाना बनाकर भाजपा सरकार शक्ति के बल पर पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को डराना-धमकाना चाहती है। उनके अनुसार, 2024 के लोकसभा चुनावों में मिली महा हार की हताशा से उबरने के लिए भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय लठतांत्रिक तरीकों का सहारा ले रही है, लेकिन अब उसकी नकारात्मक  राजनीति चलने वाली नहीं है।

सपा सुप्रीमो ने संकल्प दोहराया कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय का राज स्थापित कर देश को बंधुराष्ट्र बनाने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस नई सोच से युवाओं की पॉजिटिव थिंकिंग पर आधारित एक प्रोग्रेसिव ‘Neo-India’ (नया भारत) बनेगा, जहाँ कोई भी शोषित या अपमानित नहीं महसूस करेगा। यहाँ हर समाज के वंचितों और निर्बलों को बराबरी के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

यूपीएसएसएससी भर्तियों में वेटिंग लिस्ट की मांग

इससे पहले शुक्रवार को जारी बयान में अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की परीक्षाओं में वेटिंग लिस्ट (प्रतीक्षा सूची) की व्यवस्था अनिवार्य करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि कोई अभ्यर्थी चयन के बाद सीट छोड़ता है, तो प्रतीक्षा सूची होने से वह अवसर किसी अन्य योग्य अभ्यर्थी को मिल सकेगा। इससे लाखों युवाओं को राहत मिलेगी और भाजपा सरकार पर लगा ‘महा-बेरोजगारी’ का दाग थोड़ा कम होगा।

हालांकि, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा यह कदम कभी नहीं उठाएगी क्योंकि युवाओं को नौकरी देना उनके एजेंडे में है ही नहीं।

राम मंदिर चोरी के आरोपों से बेनकाब हुई बीजेपी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (Twitter) पर एक विस्तृत पोस्ट में पूर्व सीएम ने लिखा कि इस बार जब भाजपा सत्ता से बाहर होगी, तो फिर कभी वापस नहीं आ पाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सामाजिक विभाजन की राजनीति और झूठ का दौर अब समाप्त हो चुका है। अब तो इनके नेता आपस में ही भ्रष्टाचार और बेईमानी के राज एक-दूसरे के खिलाफ खोल रहे हैं।

राम मंदिर से जुड़े मामलों और पूज्य शंकराचार्य जी पर लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने अधार्मिक भाजपाइयों की पोल खोल दी है, जिससे संपूर्ण सनातन समाज अब भाजपा के खिलाफ खड़ा हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *