लखनऊ-प्रयागराज समेत 20 जिलों में बारिश, अगले 2 दिन ऐसे ही बिगड़ा रहेगा मौसम

लखनऊ-प्रयागराज समेत 20 जिलों में बारिश, अगले 2 दिन ऐसे ही बिगड़ा रहेगा मौसम

UP News: प्रयागराज और मथुरा में शुक्रवार सुबह तेज बारिश हुई, जिससे कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। वहीं, स्कूली बच्चे और दफ्तर के लिए निकले लोग रेनकोट और छातों के साथ नजर आए। ऐसे ही नोएडा, आगरा, अलीगढ़, मेरठ सहित 20 से ज्यादा जिलों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। लखनऊ में दिन में अंधेरा छा गया है। तेज बारिश शुरू हो गई है। गोमतीनगर, चिनहट, सरोजनीनगर, मोहनलालगंज, मलिहाबाद इलाकों में काले बादल छाने से अंधेरा छा गया है। सुबह से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चल रही है।

मौसम विभाग की तरफ से आज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। दिन में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चलेंगे। अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहेगा। वहीं, काशी में अचानक मौसम पलट गया। आंधी के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। घाटों पर दुकान लगाने वाले लोग सामान समेटते नजर आए। मिर्जापुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। इस बीच, कानपुर समेत 33 शहरों में काले बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं।

2 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से पूरे प्रदेश में मौसम बदल गया है। अगले 2 दिन मौसम बिगड़ा ही रहेगा। 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गरज चमक के साथ बारिश भी होगी।

इससे पहले, गुरुवार को गाजियाबाद, हाथरस, संभल समेत कई जिलों में देर रात आंधी के साथ बारिश हुई थी। सड़क पर लगे होर्डिंग गिर गए थे। कई जगह पेड़ और बिजली के पोल भी उखड़ गए थे। तेज हवा से खड़ी फसलों को भी नुकसान हुआ। सबसे ज्यादा तापमान बांदा (39.6°C) और सबसे कम बिजनौर (13.5°C) रिकॉर्ड किया गया।

24 घंटे तक पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले 24 घंटे तक पूरे प्रदेश बारिश की संभावना दिखाई दे रही है। इसके बाद इसका असर कम हो जाएगा। पिछले 24 घंटे में मथुरा में सबसे तेज 87 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हवा की रफ्तार नोएडा में 59 किमी, आगरा और बुलंदशहर में 57 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश बागपत और बुलंदशहर में करीब 6 मिमी रिकॉर्ड हुई।

क्यों बदला मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज से अफगानिस्तान के पास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर यूपी तक दिख रहा है। पश्चिमी यूपी से शुरू हुआ बारिश का दौर पूर्वी यूपी तक पहुंच गया है। आज और कल इसका इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। बारिश से अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

दो दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

21 मार्च: पश्चिमी-पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तापमान में 2–3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

22 मार्च: पश्चिमी-पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। तेज हवाएं भी चलेंगी।

मिर्जापुर में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत

मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के चांदलेवा गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक 70 वर्षीय वृद्ध किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान हरिशंकर के रूप में हुई है। बताया गया कि हरिशंकर रोज की तरह अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ उन पर आकाशीय बिजली गिर गई।

बिजली की चपेट में आने से हरिशंकर गंभीर रूप से झुलस गए और अचेत होकर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रतापगढ़ में रुक-रुक कर बूंदाबांदी

प्रतापगढ़ में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बूंदाबांदी हुई। इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम ठंडा होने से तापमान गिरकर करीब 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह चली तेज हवाओं और धूल भरी आंधी से सड़कों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *