बंद कमरे में महिलाओं पर सितम, ‘चिरैया’ करेगी समाज की पुरानी ‘सोच’ को खतम!

बंद कमरे में महिलाओं पर सितम, ‘चिरैया’ करेगी समाज की पुरानी 'सोच' को खतम!
  • सीरीज के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे एक्‍ट्रेस दिव्या दत्ता और डायरेक्‍टर शशांत शाह से खास बातचीत

शैलेंद्र सिंह

बॉलीवुड की फेमस एक्‍ट्रेस दिव्‍या दत्‍ता और संजय मिश्रा स्‍टारर वेब सीरीज ‘चिरैया’ 20 मार्च को जियो हॉटस्‍टार पर रिलीज हो रही है। यह सीरीज, दर्शकों के बीच समाज की एक संवेदनशील और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कहानी लेकर आ रही है। यह सीरीज हर उस महिला की संघर्ष की कहानी बताती है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने आत्म सम्मान, सपनों, सहमति और अस्तित्व की लड़ाई लड़ती है। 18 मार्च को सीरीज ‘चिरैया’ की टीम प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचीं, जहां फेमस एक्‍ट्रेस दिव्‍या दत्‍ता और डायरेक्‍टर शशांत शाह ने सीरीज से जुड़े अहम सवालों के जवाब दिए।

डायरेक्‍टर शशांत शाह ने बताया कि वेब सीरीज चिरैया की शूटिंग लखनऊ में व्यापक रूप से की गई, जिस कारण इसका शहर से गहरा जुड़ाव है। इसकी कहानी में शहर की संस्कृति, माहौल और भावनात्मक परतों को खूबसूरती से दर्शाया गया है। शशांत ने बताया कि इसकी कहानी जैसी ही उन्‍होंने सुनी, निश्चित कर लिया कि समाज की ‘सोच’ की हकीकत सामने लाने वाली इस कहानी पर जरूर काम करेंगे और तैयार हुई वेब सीरीज चिरैया।

बंद कमरे में महिलाओं पर सितम, ‘चिरैया’ करेगी समाज की पुरानी 'सोच' को खतम!

 

वहीं, सीरीज में अहम किरदार निभाने वाली दिव्‍या दत्‍ता ने पत्रकार शैलेंद्र सिंह से खास बातचीत में बताया, ‘चिरैया के जरिए हम सिर्फ एक कहानी नहीं सुना रहे हैं। हम उन खामोशियों के सामने एक आईना रख रहे हैं, जो हमें विरासत में मिली हैं। मैं हमेशा उन किरदारों को लेकर बहुत सचेत रही हूं, जिन्हें मैं पर्दे पर निभाती हूं। मगर, कमलेश कुछ अलग है। वह मेरे दिल का एक टुकड़ा है। वह एक ऐसी औरत है, जो उन मूल्यों से बंधी है, जिन्हें उसने हमेशा संजोकर रखा है। फिर भी वह खुद को एक ऐसे मोड़ पर पाती है, जहां परिवार के लिए उसका प्यार, अन्याय को नजरअंदाज करने से उसके इनकार से टकराता है।’

सीरीज में कमलेश का किरदार निभा रही हैं दिव्‍या दत्‍ता

दिव्‍या बताती हैं कि कमलेश (दिव्‍या दत्‍ता) एक जुड़े हुए परिवार की आदर्श बहू है। लेकिन, उनकी जिंदगी तब बिखरने लगती है, जब वह घर की छत पर अपनी नई-नई देवरानी को आत्‍महत्‍या की कोशिश करते देखती है। कमलेश को तब झटका लगता है, जब नई दुल्‍हन उनसे कहती है कि उसके पति यानी कमलेश के देवर ने उसके साथ जबरदस्‍ती की। मगर, कमलेश को लगता है कि उसका देवर कभी गलत नहीं कर सकता। पहले तो वह नई दुल्‍हन को पत्‍नी धर्म का पाठ पढ़ाती है, लेकिन उसकी घरेलू सोच को तब झटका लगता है, जब नई दुल्‍हन कंसेंट को लेकर सवाल पूछती है। इसके बाद से ही हम कमलेश को परिवार के प्रति वफादारी और नैतिक साहस के बीच के द्वंद्व से जूझते हुए देखते हैं।

सीरीज की टैगलाइन ‘शादी लाइसेंस नहीं है’ को लेकर अभिनेत्री दिव्‍या बताती हैं कि अक्‍सर लोगों में ये धारणा होती है कि शादी हो जाने पर एक पति को अपनी पत्‍नी के साथ हर चीज करने का लाइसेंस मिल जाता है, जिसमें पत्‍नी की सहमति शामिल नहीं होती। ये सीरीज, ऐसी ही सोच और परंपराओं के खिलाफ विद्रोह की कहानी में बदल जाती है। यह पुरानी मान्यताओं पर सवाल उठाने वाली असहज सच्चाई का सामना करती है, जहां शादी की चारदीवारी के भीतर, बंद कमरों में महिलाओं की ‘सहमति’ भी मायने रखती है।

दिव्‍या दत्‍ता ने समाज को दिया संदेश

समाज को संदेश देते हुए दिव्‍या दत्‍ता कहती हैं कि जब हम नई लड़की को घर लाते हैं, खासकर जब अरेंज मैरिज हो, जहां लड़का और लड़की एक-दूसरे को नहीं जानते हैं तो सबसे ज्‍यादा जरूरी होता है कि अपने पार्टनर को जानने-पहचानने का मौका दें। अपने आप को किसी पर इंपोज कर देना या हामी न लेना अच्‍छी बात नहीं है। रिश्‍ते को अच्‍छे से निभाने के लिए एक-दूसरे का सम्‍मान और सहमति बहुत जरूरी होती है।

वेब सीरीज ‘चिरैया’ में दिव्या दत्ता और संजय मिश्रा के अलावा सपोर्टिंग कास्ट में प्रसन्ना बिष्ट, सिद्धार्थ शॉ, फैसल राशिद, टीनू आनंद, सरिता जोशी और अंजुम सक्सेना शामिल हैं। शशांत शाह के डायरेक्शन में बनी इस सीरीज को SVF Entertainment के बैनर तले श्रीकांत मोहता, महेंद्र सोनी और आदित्य जालान ने प्रोड्यूस किया है। यह सीरीज हिंदी-भोजपुरी सहित 11 भाषाओं में 20 मार्च को जियो हॉटस्‍टार पर रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *