Russia-Ukraine War News: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर शुक्रवार रात से शनिवार तड़के तक बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से बड़ा हमला किया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब दो दिन पहले ही रूस ने पूरे यूक्रेन में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमला किया था। उस हमले में 10 नागरिकों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। वहीं, रूस की एक मिसाइल पोलैंड के हवाई क्षेत्र में भी प्रवेश कर गई थी।
अमेरिका से किन हथियारों की मांग कर रहे जेलेंस्की?
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की लगातार अमेरिका और अन्य पश्चिमी सहयोगी देशों से पैट्रियट एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं, ताकि रूस के मिसाइल हमलों का प्रभावी जवाब दिया जा सके। शुक्रवार देर रात जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने इसी सप्ताह वॉशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई अपनी बैठक पर भी चर्चा की। जेलेंस्की ने उस बैठक को “सकारात्मक और उपयोगी” बताया। जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर लिखा, “हमारे देश पर रूस के हवाई हमले लगातार जारी हैं। हवाई रक्षा प्रणाली, विशेष रूप से बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए पैट्रियट सिस्टम के इंटरसेप्टर, हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं।”
