Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। मंगलवार देर रात 2 बजे तीनों बहनें हाथ पकड़कर बालकनी से कूद गईं। गिरने की आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तीनों बहनों की उम्र 12 से 16 साल के बीच है।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा है कि तीनों बहनों को टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम की लत थी। वे कोरोना दौर से ये गेम खेल रही थीं। पिता ने उन्हें गेम खेलने से मना किया और फटकार लगाई। इसके चलते तीनों बहनों ने यह कदम उठाया। घटना भारत सिटी बी-1 टावर के फ्लैट नंबर 907 की है।
मामले की जांच की जा रही
एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड आर्डर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। अभी तक की जांच में आया है कि तीनों ने सुसाइड किया है। तीनों एक साथ ही रहती थीं। मोबाइल से गेम खेलती थीं। किन परिस्थतियों में सुसाइड किया, इसकी जांच की जा रही हैं।
तीनों बहनें जिस रूम में सोती थीं, वहां डायरी में सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा-
‘मम्मी पापा सॉरी…गेम नहीं छोड़ पा रही हूं। अब आपको यह एहसास होगा कि हम इस गेम से कितना प्यार करते थे, जिस गेम को आप छुड़वाना चाहते थे।’
पिता बोले– अपने बच्चों को मोबाइल गेम खेलने न दें
पिता चेतन ने बताया कि सुसाइड नोट 8 से 10 पेज का सुसाइड नोट है। इसमें बेटियों ने सुसाइड और गेम के संबंध में बताया। बेटियों ने लिखा- ‘सॉरी पापा, हम गेम नहीं छोड़ सके। कोरियन हमारी जिंदगी, हमारी जान है।’
चेतन कहते हैं- मेरी बच्चियों के साथ बहुत बुरा हुआ। कोई मां-बाप अपने बच्चों को मोबाइल गेम खेलने न दें। कौन सा टास्क हो जाता है, पता नहीं चलता। मुझे पता होता कि क्या टास्क दे रहे हैं तो हम गेम खेलने ही नहीं देते।
पुलिस बोली– बच्चियां 80 फीट की ऊंचाई से कूदी थीं
एसपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लड़कियों की उम्र 12, 14 और 16 साल थी। पिता चेतन ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं। पुलिस को रात 2:18 बजे सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
जिस ऊंचाई से तीनों बच्चियां कूदीं, वहां से जमीन 80 फीट है। तीनों बच्चियां जमीन पर पड़ी मिलीं और गंभीर रूप से घायल थीं। उन्हें एंबुलेंस से लोनी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
कोरियन लव गेम के बारे में जानिए
कोरियन लव गेम एक ऑनलाइन गेम है। यह इंटरनेट पर चलने वाले ऐसे ऑनलाइन चैट सिस्टम का नाम है, जिसमें सामने वाला खुद को कोरियन या विदेशी लड़का-लड़की बताकर बात शुरू करता है। यह गेम सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए फैलता है।
शुरुआत में सामने वाला दोस्ती और प्यार की बातें करता है। आसान-आसान टास्क दिए जाते हैं, जिससे भरोसा बन जाए। धीरे-धीरे टास्क बढ़ते जाते हैं। मानसिक दबाव बनने लगता है। कई मामलों में बात न मानने पर डराया जाता है। इससे खेलने वाला व्यक्ति तनाव में आ जाता है और उसका व्यवहार बदलने लगता है।

