Akhilesh Yadav: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नव वर्ष की बधाई देने आए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत करने में जुट जाएं। मतदाता सूची को लेकर हो रहे एसआईआर पर पूरी नजर रखें। जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया हो, उन्हें शामिल कराएं। सभी लोग सावधान रहें। जिस समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि चार करोड़ वोट कट गए हैं, उसी समय उन्होंने अधिकारियों को बेईमानी करने का संदेश दिया था।
भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि इस समय जिस तरह के आंकड़े सामने आए हैं, उसमें चुनाव आयोग और अधिकारियों को अपनी विश्वसनीयता साबित करनी है। हमें उम्मीद है चुनाव आयोग, मैपिंग एप और जो कंपनियां चुनाव आयोग का तकनीकी रूप से मदद कर रही हैं, वे निष्पक्ष होंगी। उन्होंने कहा कि अगर मतदाताओं की संख्या के आंकड़ों में फर्क आता है और राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़े और केंद्रीय निर्वाचन आयोग के आंकड़े भिन्न हैं तो एसआईआर का क्या मतलब रह गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है। किसान, नौजवान और महिलाएं त्रस्त हैं।

