यूपी में भीषण ठंड, सीएम योगी का आदेश- 12वीं तक के सभी स्कूल 5 जनवरी तक बंद

यूपी में भीषण ठंड, सीएम योगी का आदेश- 12वीं तक के सभी स्कूल 5 जनवरी तक बंद

Schools Closed in UP: उत्‍तर प्रेश में बढ़ती ठंड को देखते हुए योगी सरकार ने 12वीं तक के स्कूल और कॉलेज 5 जनवरी तक के लिए बंद कर दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्‍यमंत्री योगी ने आमजन, खासकर बच्चों और जरूरतमंदों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। साथ ही ठंड से बचाव के लिए जिलों में व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

5 जनवरी तक बंद रहेंगे सभी बोर्ड के स्कूल

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शीतलहर को देखते हुए प्रदेश भर में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल 5 जनवरी तक बंद रहेंगे। यह आदेश ICSE, CBSE, यूपी बोर्ड सहित सभी बोर्डों पर समान रूप से लागू होगा, जिससे बच्चों को ठंड के प्रकोप से सुरक्षित रखा जा सके।

सीएम योगी ने कहा है कि शीतलहर के दौरान सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहें। ठंड से प्रभावित इलाकों पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न की जाए।

30 जिलों में कोहरा

नए साल पर मथुरा, हाथरस, बदायूं और फर्रुखाबाद समेत कई जिलों में हुई हल्की बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह कानपुर, गोरखपुर, झांसी समेत 30 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी शून्य से 10 मीटर तक सिमट गई।

राजधानी लखनऊ में दोपहर 12 बजे तक धूप के दर्शन नहीं हुए। ठंडी हवाओं की वजह से गलन बढ़ गई। इससे लोग ठिठुरते नजर आए। कानपुर में दिल के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। कार्डियोलॉजी में हार्ट अटैक के 65 मरीज भर्ती हुए। हैलट इमरजेंसी में ब्रेन स्ट्रोक के 15 मरीज आए। इनमें 7 को मृत अवस्था में लाया गया। ओपीडी में 509 लोगों की जांच की गई। फतेहपुर में ठंड से एक मजदूर की मौत हो गई।

चार दिन भीषण कोल्ड-वेव की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले चार दिन भीषण कोल्ड-वेव की चेतावनी जारी की है। घने कोहरे के बीच सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम रहेगी, वहीं रात का तापमान सामान्य से कम रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *