मेसी के कोलकाता स्टेडियम से जल्दी निकलने पर फैंस ने की तोड़फोड़, मुख्य आयोजक गिरफ्तार; पुलिस बोली- टिकट के पैसे वापस होंगे

मेसी के कोलकाता स्टेडियम से जल्दी निकलने पर फैंस ने की तोड़फोड़, मुख्य आयोजक गिरफ्तार; पुलिस बोली- टिकट के पैसे वापस होंगे

Lionel Messi in India: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी शनिवार को 14 साल बाद भारत पहुंचे। उनके साथ उरुग्वे के स्ट्राइकर लुईस सुआरेज और अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल भी आए हैं। तीनों फुटबॉलर रात करीब 2:30 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद सुबह 11 बजे मेसी ने अपने 70 फीट ऊंचे स्टैच्यू का वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसमें बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के बाद सभी सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने फैंस से मुलाकात की। हालांकि, तीनों खिलाड़ी करीब 22 मिनट बाद ही वहां से निकल गए। इससे नाराज फैंस ने स्टेडियम में हंगामा शुरू कर दिया और स्टैंड से बोतलें व कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं।

कोलकाता स्टेडियम से जल्दी निकले लियोनल मेसी, फैंस ने की तोड़फोड़; मुख्य आयोजक गिरफ्तार

सीएम ममता ने मांगी माफी

इस पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को माफी मांगनी पड़ी। इतना ही नहीं, ADG लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम ने बताया कि जांच जारी है और मुख्य आयोजक सताद्रू दत्ता को गिरफ्तार कर लिया है। इधर, मामले पर भारतीय फुटबॉल महासंघ ने कहा है कि यह उनका इवेंट नहीं है। उनका इस इवेंट से कोई लेना-देना नहीं है।

कोलकाता पुलिस बोली- आयोजक ने पैसे लौटाने का वादा किया

मेसी इवेंट के दौरान स्टेडियम में हुई अफरा-तफरी के बाद कोलकाता पुलिस ने कहा- आयोजकों ने फैंस को टिकट का पैसा वापस करने का वादा किया है।

हैदराबाद में 7x7 मैच खेलेंगे मेसी

लियोनल मेसी कोलकाता से हैदराबाद के लिए रवाना हो गए हैं। उन्हें वहां शाम 7 बजे उप्पल स्टेडियम में 7X7 फुटबॉल मैच खेलना है। यहां पर म्यूजिकल कॉन्सर्ट भी होगा। इसके बाद मेसी रात 8 बजे एक एग्जिबिशन मैच खेलेंगे। उसके बाद CM रेवंत रेड्‌डी से मुलाकात भी करेंगे।

मेसी यूनाइटेड नेशंस के चाइल्ड ऑर्गेनाइजेशन UNICEF के ब्रांड एम्बेसडर हैं, इसके तहत वे भारत में ‘GOAT इंडिया’ टूर कर रहे हैं। मेसी को 4 शहरों का दौरा करना है। इनमें हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली भी शामिल हैं। उन्हें मुंबई में सचिन तेंदुलकर से भी मिलना है। 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ ही उनका दौरा खत्म होगा।

आनंद बोस ने मांगी इवेंट की डीटेल रिपोर्ट

इससे पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने इस इवेंट की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। यह कदम उन्होंने तब उठाया, जब फैंस ने लोकभवन में दी गई शिकायत में कहा कि टिकट बहुत महंगे हैं, इसके चलते वे अपने पसंदीदा खिलाड़ी को देख भी नहीं पाएंगे। राज्यपाल को लोक भवन में कई फोन कॉल और ई-मेल मिले थे। फैंस ने बताया कि टिकटों की कीमत उनकी पहुंच से बाहर है। इन्हीं शिकायतों के बाद राज्यपाल ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *