Constitution Day: संविधान की शक्ति ने साधारण व्यक्ति को पीएम पद तक पहुंचाया, पीएम मोदी ने लिखी देशवासियों को चिट्ठी

Constitution Day: संविधान की शक्ति ने साधारण व्यक्ति को पीएम पद तक पहुंचाया, पीएम मोदी ने लिखी देशवासियों को चिट्ठी

Constitution Day 2025: भारत आज संविधान दिवस मना रहा है। इस खास दिन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों के लिए चिट्ठी लिखी। पीएम ने अपील की है कि भारत के नागरिकों को अपने सांविधानिक कर्तव्यों को निभाना चाहिए, क्योंकि यह एक मजबूत लोकतंत्र का आधार हैं। पीएम ने इस पत्र में मतदान के अधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूल और कॉलेज संविधान दिवस को मनाते हुए उन युवाओं को सम्मानित करें जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर पहली बार मतदाता बने हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी के इस विचार को याद किया कि अधिकार, कर्तव्यों के पालन से उत्पन्न होते हैं।

कर्तव्यों का पालन सामाजिक और आर्थिक प्रगति की नींव

उन्होंने कहा कि कर्तव्यों का पालन सामाजिक और आर्थिक प्रगति की नींव है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज लिए गए निर्णय और नीतियां आने वाली पीढ़ियों के जीवन को आकार देंगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे विकसित भारत के संकल्प की ओर बढ़ते हुए अपने कर्तव्यों को सर्वोपरि रखें। एक्स पर किए गए एक दूसरे पोस्ट में मोदी ने कहा, “हमारा संविधान मानवीय गरिमा, समानता और स्वतंत्रता को सर्वोच्च स्थान देता है। जहां यह हमें अधिकार प्रदान करता है, वहीं यह हमें हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है, जिन्हें हमें हमेशा पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। ये कर्तव्य मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला हैं।” पीएम ने संविधान निर्माताओं को भी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका दृष्टिकोण और दूरदर्शिता विकसित भारत के निर्माण की कोशिशों को हमेशा प्रेरित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *