West Bengal: प.बंगाल की शुभेंदु सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, बंगाल सरकार के अल्पसंख्यक कार्य और मदरसा शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी किया है, जिसके तहत बंगाल के सभी मदरसों में वंदे मातरम गाना अनिवार्य कर दिया गया है। अब मदरसों में इस आदेश का पालन करना जरूरी है। यह नया नियम सरकारी मदरसों से लेकर सभी सहायता प्राप्त और गैर सहायता प्राप्त मदरसों पर भी लागू होगा। पिछले सप्ताह स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी एक नोटिस में सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया था कि हर दिन कक्षाएं शुरू होने से पहले वंदे मातरम् गीत का गायन सुनिश्चित किया जाए। आदेश में कहा गया कि कक्षाएं शुरू होने से पहले सुबह की प्रार्थना सभा में वंदे मातरम् गीत का गायन अनिवार्य किया जाए, ताकि राज्य के सभी स्कूलों में सभी छात्र तत्काल प्रभाव से इसे गाएं।
राज्य सरकार का यह कदम केंद्रीय गृह मंत्रालय के जनवरी में जारी उस निर्देश के बाद आया है, जिसमें राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इसे गाने की बात कही गई थी। इससे पहले राज्य की पूर्ववर्ती व्यवस्था के तहत स्कूलों की सुबह की सभा में बांग्लार माटी बांग्लार जल गीत गाना अनिवार्य था। हालांकि, नए आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अब राज्य गीत को वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ जारी रखा जाएगा या नहीं।

