देशभर में आज बैंकों की हड़ताल, MP में 5500 करोड़ के कारोबार पर असर; दो दिन और छुट्टी

देशभर में आज बैंकों की हड़ताल, MP में 5500 करोड़ के कारोबार पर असर; दो दिन और छुट्टी

Bank Strike: एसबीआई, पीएनबी और यूनियन बैंक सहित देशभर के सरकारी और कुछ निजी बैंक शुक्रवार (11 सितंबर) से लगातार तीन दिन बंद रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने दो साल से अटकी 5 डे वर्किंग की मांग को लेकर शुक्रवार को एक दिन की हड़ताल कर रहे हैं।

12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। अगर सरकार और बैंक मैनेजमेंट ने मांगें नहीं मानीं, तो 26 अक्टूबर से देशभर के बैंकों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो जाएगी।

मध्यप्रदेश में 5,500 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित

बैंक कर्मचारियों के संगठन ने बताया कि बैंक हड़ताल की वजह से शुक्रवार को मध्यप्रदेश की करीब 7000 शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप्प रहा। इससे लगभग 5,500 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ।

बैंकों ने अपने ग्राहकों से कहा है कि हड़ताल की वजह से ब्रांच स्तर की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, इस दौरान UPI, मोबाइल बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी।

5-डे बैंकिंग पर 2 साल से अटकी मंजूरी

UFBU का कहना है कि 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन यानी IBA के साथ 12वें द्विपक्षीय समझौते और 9वें जॉइंट नोट पर हस्ताक्षर हुए थे। इसमें 5-डे बैंकिंग लागू करने पर सहमति बनी थी। इसके तहत कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक रोज 40 मिनट ज्यादा काम करेंगे।

IBA ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देकर केंद्र सरकार के पास भेजा था। दो साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी वित्त मंत्रालय से इसे मंजूरी नहीं मिली है।

क्या है 5-डे बैंकिंग प्रस्ताव?

वर्तमान में बैंकों में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है।

नए प्रस्ताव के लागू होने पर हर शनिवार को छुट्टी रहेगी।

इसके बदले सोमवार से शुक्रवार तक कामकाज का समय 40 मिनट प्रतिदिन बढ़ जाएगा।

नई PLI स्कीम पर विवाद

यूनियनों ने वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएं विभाग द्वारा जारी नई PLI गाइडलाइंस का विरोध किया है। यूनियनों का आरोप है कि यह स्कीम भेदभावपूर्ण है:

स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारी: व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर 365 दिनों तक के बेसिक पे के बराबर PLI मिलेगा।

वर्कमेन और स्केल I से III के कर्मचारी: इन्हें अधिकतम 15 दिनों का बेसिक पे + डीए ही मिलेगा।

UFBU का तर्क है कि PLI पूरी तरह बैंक के ओवरऑल प्रदर्शन पर आधारित होना चाहिए। स्केल VII तक के सभी कर्मचारियों को एक समान दिनों का इंसेंटिव मिलना चाहिए। यह नया नियम IBA और यूनियनों के बीच हुए समझौते का उल्लंघन है।

हड़ताल का शेड्यूलः 3 चरणों में होगा प्रदर्शन

पहला चरण: 11 सितंबर को 1 दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल। इसके अलावा 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार पर बैंक बंद रहेंगे।

दूसरा चरण: 28 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार 3 दिनों की हड़ताल।

तीसरा चरण: 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल।

दिल्ली हाईकोर्ट और श्रम आयुक्त के पास पहुंचा मामला

PLI स्कीम को लेकर विवाद अब मुख्य श्रम आयुक्त के समक्ष सुलह प्रक्रिया के तहत लंबित है। इसके अलावा इस मामले को दिल्ली हाईकोर्ट में भी चुनौती दी गई है। यूनियनों ने मांग की है कि द्विपक्षीय बातचीत के जरिए इंसेंटिव स्कीम में संशोधन किया जाए।

पेंशन अपडेशन और OPS की भी मांग

हड़ताल के मुख्य कारणों के अलावा बैंक यूनियनों ने कई पुरानी मांग फिर दोहराई हैं:

सभी पेंशनभोगियों के लिए पेंशन अपडेशन और सुधार।

सभी रिटायर कर्मचारियों के लिए एक समान महंगाई भत्ता फार्मूला।

NPS के तहत आने वाले कर्मचारियों को ऑल्ड पेंशन स्कीम में स्विच करने का विकल्प।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *