Bareilly News: श्रीराम मूर्ति स्मारक (SRMS) मेडिकल कॉलेज में बुधवार (29 अक्टूबर) को एमबीबीएस 2026 बैच के नए विद्यार्थियों के लिए भव्य ‘व्हाइट कोट सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। संस्थान के ऑडिटोरियम में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में कुल 183 विद्यार्थियों ने चिकित्सकीय पेशे के प्रतीक सफेद कोट को धारण कर महर्षि चरक की शपथ ली और प्राणि मात्र के दुख दूर करने का संकल्प लिया।
समय पालन और अच्छी आदतें एक श्रेष्ठ चिकित्सक की पहचान: देव मूर्ति
समारोह के मुख्य अतिथि एवं एसआरएमएस ट्रस्ट के चेयरमैन देव मूर्ति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए समय के महत्व और अनुशासन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में समय का पालन करना अनिवार्य है। अब ‘गोल्डन ऑवर’ का दौर पीछे छूटकर ‘गोल्डन मिनट’ पर आ पहुंचा है, जहां एक मिनट की देरी किसी की जान ले सकती है या बचा सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और ट्रस्ट द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रदान की जाने वाली भारी-भरकम छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता, इष्टदेव और वरिष्ठजनों का निरंतर सम्मान करने का आह्वान किया।
मरीज की सेवा को प्राथमिकता दें: आदित्य मूर्ति
एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन आदित्य मूर्ति ने देश के विभिन्न राज्यों से आए नए विद्यार्थियों का एसआरएमएस परिवार में स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ‘कफर्ट जोन’ से बाहर निकलकर टीम भावना के साथ काम करने और मरीज की भलाई को अपनी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं से ऊपर रखने का संदेश दिया।

व्हाइट कोट का रखें पूरा सम्मान: प्रिंसिपल डॉ. बुटोला
प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ. एमएस बुटोला ने नए विद्यार्थियों का मानवतापूर्ण पेशे में स्वागत करते हुए कहा कि यह सफेद कोट अब आपकी दूसरी त्वचा की तरह है। इसके मान-सम्मान की रक्षा करना आपका कर्तव्य है। उन्होंने एक श्रेष्ठ चिकित्सक बनने के लिए जुनून, सहानुभूति, सतर्कता, विश्वास और जिम्मेदारी को सबसे महत्वपूर्ण गुण बताया।
कार्यक्रम के अंत में डीन यूजी डॉ. बिंदु गर्ग ने सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान एमबीबीएस 2026 बैच के लिए आयोजित ‘टैलेंट हंट’ प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट एडवाइजर इंजीनियर सुभाष मेहरा, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. आरपी सिंह, वाइस प्रिंसिपल डॉ. रोहित शर्मा, डीन पीजी डॉ. एसके सागर, चीफ प्रॉक्टर डॉ. नीरज प्रजापति, डीएसडब्ल्यू डॉ. क्रांति कुमार सहित तमाम विभागाध्यक्ष व संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
