Ram Mandir News: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी सांसदों के साथ संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी अखिलेश के साथ नजर आईं। विपक्षी सांसदों ने ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ लिखे पोस्टर लहराए। बारिश के बीच सपा सांसद संसद परिसर में एक दानपेटी रखकर प्रदर्शन कर रहे थे। फूल-माला से सजी इस दानपेटी पर ताला लगा हुआ था। उस पर ‘लापता’ की पर्ची चिपकी थी।
नीचे लगे पोस्टर पर लिखा था- ‘सरकार को बताना होगा कि मंदिर का चढ़ावा आखिर कहां गया।’ प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद डिंपल यादव ने दानपेटी में पैसे डाले। जब वह वापस लौटने लगीं, तो फिरोजाबाद से सपा सांसद अक्षय यादव ने कहा- इसे बचा के रखना पड़ेगा, कहीं ये पैसे बीजेपी वाले छीन के न ले जाएं। इसके बाद कांग्रेस सांसद भी प्रदर्शन में शामिल हो गए। ‘चंदा किसने लूटा है?’ लिखे पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
डिंपल यादव बोलीं– छात्र आंदोलन और चढ़ावा चोरी, दोनों पर जवाब दे सरकार
सांसद डिंपल यादव ने कहा कि हम छात्र आंदोलन और राम मंदिर चढ़ावा चोरी, दोनों मुद्दों पर बयान चाहते हैं, लेकिन गृह मंत्री सदन में आकर बयान देने को बिल्कुल तैयार नहीं हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि RTI से मिली जानकारी से पता चलता है कि कम से कम 10 बच्चे पैलेट गन से घायल हुए हैं। यह सरकार के पहले के उन दावों के बिल्कुल उलट है कि पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया गया था, जिससे साबित होता है कि वे झूठ बोल रहे थे।
#WATCH दिल्ली: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, "हम दोनों मुद्दों पर बयान चाहते हैं, लेकिन गृह मंत्री सदन में आकर बयान देने को बिल्कुल तैयार नहीं हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि RTI से मिली जानकारी से पता चलता है कि कम से कम दस बच्चे पैलेट गन से घायल हुए हैं। यह सरकार के… https://t.co/q1PbmAXKHc pic.twitter.com/Ve5CubRaTB
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 11, 2026
इसके अलावा, सरकार ने वादा किया था कि बच्चों के खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं की जाएगी। फिर भी, अब एक 15 साल की लड़की के खिलाफ ‘जीरो FIR’ दर्ज की जा रही है, जिसमें उसकी उम्र गलत तरीके से 25 साल बताई गई है। चंदा चोरी का बड़ा मुद्दा है, इस पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
एनडीए सांसदों ने निकाला विरोध मार्च
इधर, एनडीए (NDA) सांसदों ने भी विपक्ष के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। भाजपा सांसद हाथों में पोस्टर लेकर पहुंचे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर दिल्ली में ‘जेन-जी’ प्रदर्शन के मुद्दे पर चर्चा से भागने का आरोप लगाया। साथ ही, झारखंड में सोमवार को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाए।
भाजपा सांसद अरुण गोविल ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि अब जब हम जवाब देने के लिए आ गए हैं, तो ये लोग चर्चा नहीं चाहते हैं। विपक्ष इतना गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार कर रहा है, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। इस बार का विपक्ष बेहद गैर-जिम्मेदार है; ये किसी भी मुद्दे पर चर्चा नहीं चाहते, इन्हें सिर्फ हंगामा करना आता है।
सांसद चंद्रशेखर बोले– सरकारें संवेदनहीन हो गई हैं
विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा- झारखंड के बच्चों के मुद्दे को, लखनऊ के बच्चों के मुद्दों को उठाना चाहिए। जहां-जहां चाहे वो इलाहाबाद हो, लखनऊ हो उन सारे मुद्दों को उठाना चाहिए और उनको न्याय मिले। अब सरकारें संवेदनहीन हो गई हैं उसका खामियाजा लोकतंत्र में उन्हीं आवाजों को भुगतना पड़ेगा, जिन आवाजों ने टैक्स देकर सरकारों को बनाया है।
राम गोपाल यादव बोले– चढ़ावा चोरी के मुद्दों को हम छोड़ नहीं सकते
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, “चंदा चोरी का मामला केवल राष्ट्रीय नहीं है ये अंतरराष्ट्रीय है विदेशों से लोगों ने अरबों डॉलर भेजे हैं लेकिन उनका पता नहीं चल रहा है सोना-चांदी कहां गया? इसका पता नहीं है…कोई हिसाब नहीं है ये लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं इस मुद्दों को हम छोड़ नहीं सकते हैं।”
