Lucknow: भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं। एक महिला ने मोहम्मद कैफ पर शादी का झूठा झांसा देकर शारीरिक शोषण (दुष्कर्म) करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच एसीपी विभूतिखंड को सौंपी गई है। महिला का आरोप है कि उसकी पहचान मोहम्मद कैफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। महिला का दावा है कि कैफ ने उससे शादी करने का वादा किया और भविष्य साथ बिताने का भरोसा दिया। इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच संबंध बने। महिला का कहना है कि बाद में जब उसने शादी की बात की तो कैफ कथित तौर पर अपने वादे से पीछे हट गए।
महिला का दावा है कि कैफ के शादी के वादे और भरोसे पर आकर उसने दिल्ली की एक नामी एयरलाइन कंपनी में अपनी अच्छी-भली नौकरी तक छोड़ दी थी। हालांकि, बाद में कैफ अपने वादे से मुकर गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता द्वारा लखनऊ पुलिस से न्याय की गुहार लगाए जाने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है। डीसीपी ईस्ट के कड़े निर्देशों पर एसीपी विभूतिखंड को जांच सौंपी गई है। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं और एफआईआर की कॉपी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है। महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि आरोपी पक्ष का विस्तृत बयान अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
