Lucknow AKTU News: फॉर्मेसी में नई तकनीकी का समावेश बनाएगा इस सेक्टर को विशेष

Lucknow AKTU News: फॉर्मेसी में नई तकनीकी का समावेश बनाएगा इस सेक्टर को विशेष

– एकेटीयू में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का भव्य आयोजन

Lucknow AKTU News: फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवाओं तथा जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा कार्यक्रम का आयोजन डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ फार्मेसी लखनऊ एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से विश्वविद्यालय के पंडित अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देशीय सभागार में किया गया। सेंट्रल उत्तर प्रदेश एवं लखनऊ के लिए विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्य स्तरीय आयोजन किया गया। इस अवसर पर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं फार्मास्यूटिकल क्षेत्र के विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, स्वास्थ्य पेशेवरों ने मंथन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के दानिश आजाद अंसारी, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पहल कर रही है। इसी के तहत हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किये गये। ललितपुर में प्रदेश का पहला फॉर्मा पार्क 15 सौ एकड़ में विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने कहा कि फॉर्मेसी एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। भारत इस क्षेत्र में प्राचीन काल से अग्रणी रहा है। वर्तमान में इस क्षेत्र में नई तकनीकी का समावेश जरूरी है। साथ ही पाठ्यक्रम में भी एआई, क्वॉन्टम तकनीकी आदि को जोड़ने की जरूरत है।

एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित जागरूकता रैली रही। अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ एकेटीयू के मुख्य द्वार से किया गया। रैली भवानी चौराहा, जानकीपुरम तक निकाली गई। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की बढ़ती चुनौती के प्रति जागरूक किया गया।

अपने संबोधनों में आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्टों की बढ़ती जिम्मेदारियों रोगी सुरक्षा, औषधि प्रबंधन, तर्कसंगत दवा उपयोग, फार्मास्यूटिकल अनुसंधान, नवाचार तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में फार्मासिस्टों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वक्ताओं ने गुणवत्तापूर्ण फार्मेसी शिक्षा, पेशेवर नैतिकता, कौशल विकास तथा शैक्षणिक संस्थानों, नियामक निकायों और स्वास्थ्य उद्योग के बीच सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रतिभाशाली प्रतिभागियों का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण

समापन सत्र में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के केंद्रीय परिषद सदस्यों, विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विशेषज्ञों की सहभागिता रही। इस अवसर पर श्री संदीप बडोला, प्रो. (डॉ.) अंबर व्यास, श्री कुमार अजय, प्रो. एस. पी. शुक्ला एवं श्री घनश्याम शाही सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट प्रो. नम्रता सिंह, नोडल अधिकारी, गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज द्वारा प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा पुरस्कार वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *