MS Dhoni: धोनी ने आईपीएल को कहा अलविदा; अधूरा रह गया माही का वादा

MS Dhoni: धोनी ने आईपीएल को कहा अलविदा; अधूरा रह गया माही का वादा

MS Dhoni: आईपीएल से संन्यास लेकर महेंद्र सिंह धोनी ने अपने क्रिकेट करियर के एक बड़े अध्याय को खत्म कर दिया है। हालांकि, उनके इस फैसले के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस से किया गया एक खास वादा भी अधूरा रह गया। धोनी ने कहा था कि वह अपने करियर का आखिरी टी20 मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेलना चाहते हैं, लेकिन उनका आखिरी आईपीएल मुकाबला अहमदाबाद में हुआ था।

आईपीएल में खत्म हुआ धोनी का सफर

भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी का आईपीएल सफर अब खत्म हो गया है। अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार चैंपियन बनाने वाले धोनी ने मंगलवार को आईपीएल से संन्यास का एलान कर दिया। हालांकि, क्रिकेट से उनका जुड़ाव खत्म नहीं होगा। वह अब चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे। धोनी के संन्यास की खबर के बीच उनके उस बयान की भी चर्चा हो रही है, जिसमें उन्होंने चेन्नई के फैंस से अपने आखिरी टी20 मैच को लेकर एक वादा किया था। धोनी ने इच्छा जताई थी कि उनके क्रिकेट करियर का आखिरी टी20 मुकाबला चेन्नई में खेला जाए, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

चेन्नई में आखिरी टी20 मैच खेलने की कही थी बात

महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई से रिश्ता सिर्फ आईपीएल तक सीमित नहीं है। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका जुड़ाव और वहां के फैंस का प्यार उन्हें इस शहर के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में शामिल करता है। चेपॉक स्टेडियम भी धोनी के लिए बेहद खास रहा है। साल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के चौथी बार आईपीएल खिताब जीतने के बाद धोनी ने इंडियन सीमेंट्स के एक कार्यक्रम में अपने आखिरी टी20 मैच को लेकर बात की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि वह अपने क्रिकेट करियर की प्लानिंग हमेशा से करते आए हैं। उनका आखिरी वनडे मुकाबला रांची में हुआ था और वह चाहते हैं कि आखिरी टी20 मैच चेन्नई में खेलें।

धोनी ने कहा था, ‘मैंने हमेशा अपने क्रिकेट की प्लानिंग की है। मेरा आखिरी वनडे मैच रांची में हुआ था। वनडे फॉर्मेट में मेरा आखिरी घरेलू मैच मेरे गृहनगर रांची में था। इसलिए उम्मीद है कि मेरा आखिरी टी20 मैच चेन्नई में होगा। यह अगले साल हो या पांच साल बाद, अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।’ धोनी के इस बयान के बाद चेन्नई के फैंस को उम्मीद थी कि उन्हें अपने पसंदीदा खिलाड़ी का आखिरी मैच चेपॉक में देखने का मौका मिलेगा। लेकिन अब IPL से उनके संन्यास के बाद यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकेगी।

अहमदाबाद में खेला था आखिरी आईपीएल मैच

महेंद्र सिंह धोनी ने अपना आखिरी आईपीएल मुकाबला 25 मई 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में खेला था। हालांकि, इस मैच में वह बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे। वहीं, धोनी की आखिरी बल्लेबाजी वाली पारी 20 मई 2025 को दिल्ली में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आई थी। इस मुकाबले में उन्होंने 16 रन बनाए थे। इस तरह धोनी का आईपीएल करियर चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में नहीं, बल्कि अहमदाबाद में समाप्त हुआ। यही वजह है कि उनके संन्यास के साथ चेन्नई के फैंस से किया गया उनका यह खास वादा अधूरा रह गया।

अगले 15-20 साल तक सीएसके के साथ रहेंगे धोनी

हालांकि, धोनी ने चेन्नई के फैंस को एक और भरोसा दिया था। साल 2025 में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साफ किया था कि वह भले ही क्रिकेट खेलें या नहीं, लेकिन पीली जर्सी के साथ उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा। धोनी ने कहा था, ‘मैंने हमेशा कहा है कि मेरे पास फैसला लेने के लिए काफी समय है। लेकिन अगर आप पीली जर्सी में मेरी वापसी की बात कर रहे हैं, तो मैं हमेशा पीली जर्सी में रहूंगा। मैं खेल रहा हूं या नहीं, यह अलग बात है।’ उन्होंने आगे कहा था, ‘मैं और सीएसके हमेशा साथ रहेंगे। अगले 15-20 साल तक भी।’ अब आईपीएल से संन्यास के बाद मेंटर के तौर पर धोनी की नई पारी शुरू होने जा रही है। ऐसे में मैदान पर उनके बल्ले का जलवा भले ही देखने को न मिले, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स और पीली जर्सी के साथ उनका रिश्ता आगे भी कायम रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *