IIFA Awards 2027 Abu Dhabi: इस साल इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवॉर्ड्स का 27वां संस्करण 22-23 जनवरी 2027 को अबू धाबी में होगा। सलमान खान, करीना कपूर खान और शाहिद कपूर समेत कई सितारे इसमें शामिल होंगे। करण जौहर, वरुण धवन, जाह्नवी कपूर, पंकज त्रिपाठी और अली फजल भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। दो दिन के इस इवेंट में कलाकार, फिल्ममेकर और म्यूजिक आर्टिस्ट शामिल होंगे।
IIFA 2027 का आयोजन अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में होगा। अबू धाबी में IIFA का यह चौथा आयोजन होगा। कार्यक्रम डिपार्टमेंट ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म अबू धाबी और मिराल के साथ साझेदारी में होगा। दो दिन के इस कार्यक्रम में सितारों की परफॉर्मेंस और अवॉर्ड्स सेरेमनी होगी। 27वां संस्करण 2027 में यास आइलैंड के एतिहाद एरिना, अबू धाबी में आयोजित किया जाएगा।
2025 में ‘लापता लेडीज’ ने 10 अवॉर्ड्स जीते थे
बता दें कि पहले योजना थी कि IIFA 2026 को अगस्त-सितंबर के महीने में साउथ-ईस्ट एशिया में आयोजित किया जाएगा, लेकिन बड़े स्तर पर तैयारियों और अंतरराष्ट्रीय तारीखों के तालमेल के कारण आयोजकों ने इसे आगे बढ़ाकर अब 2027 की शुरुआत में आयोजित करने का फैसला किया। इससे पहले IIFA अवॉर्ड्स का सिल्वर जुबली समारोह 8 और 9 मार्च 2025 को भारत में आयोजित हुआ। जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में हुए इस समारोह में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की।
इवेंट को अभिनेता कार्तिक आर्यन और फिल्ममेकर करण जौहर ने को-होस्ट किया। समारोह में किरण राव के निर्देशन में बनी फिल्म ‘लापता लेडीज’ ने कुल 10 प्रमुख अवॉर्ड्स जीते थे। इनमें बेस्ट पिक्चर और बेस्ट डायरेक्टर जैसे बड़े अवॉर्ड भी शामिल रहे। यह IIFA समारोह इसलिए भी खास रहा क्योंकि यह अवॉर्ड्स का सिल्वर जुबली एडिशन था। इस मौके पर हिंदी सिनेमा के कलाकारों, फिल्ममेकर्स और तकनीकी टीमों को उनके काम के लिए सम्मानित किया गया।
