UP News: समाजवादी पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अखिलेश यादव ने 2012 से 2017 तक की सपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि उनके आने से ऐसा लगा मानो सरकार और संगठन के बीच युद्ध चल रहा हो।
अखिलेश यादव ने व्यंग्य में कहा कि “जब किसी के पास काम नहीं होता, तो लोग चाय पीने निकल पड़ते हैं” इशारा उस चाय दुकान की ओर था, जहां भाजपा अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों के साथ पहुंचे थे।
राम मंदिर चढ़ावा और आस्था का मुद्दा
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर अखिलेश यादव ने कहा कि इसका संज्ञान पूरे विश्व के रामभक्तों, सनातन समाज और सुप्रीम कोर्ट को लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दस साल के शासन में बताने लायक बड़ी उपलब्धि नहीं है, इसलिए आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने डबल इंजन सरकार में आपसी टकराव का दावा करते हुए कहा कि “खजाना देखकर लोग बौरा गए हैं” और “चोर को चोर ही नजर आते हैं।”
संपूर्ण विश्व के रामभक्त संज्ञान लें जो हो रहा है, दुनिया भर के सनातनी, अयोध्या के पूज्य साधु संत, माननीय उच्च न्यायालय, माननीय लोकसभा अध्यक्ष, समस्त PDA समाज संज्ञान ले।"
– माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/FzIN2JI0PL
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) July 6, 2026
सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा नेताओं के कथित घपलों से राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या प्रभावित हो रही है। उन्होंने साफ किया कि सपा फर्जी एमओयू नहीं करेगी और चुनाव में वोट चोरी व प्रत्याशी मैनेजमेंट पर कड़ी नजर रखेगी। सोशल मीडिया पर झूठा प्रचार करने वालों के खिलाफ एफआईआर की चेतावनी भी दी। विदेश नीति पर उन्होंने कहा कि चीन से खतरा बढ़ रहा है और सबसे ज्यादा जमीन चीन ने कब्जाई है, लेकिन केंद्र सरकार चुप है।
"सच्चाई तो ये है चढ़ावा चंदा चोरी का गिरोह जनाक्रोश का सामना नहीं कर पा रहा है।"
– माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/a7zdG5LqBQ
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) July 6, 2026
संगठनात्मक तैयारी और विकास के दावे
इससे पहले पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव की रणनीति बनी। उन्होंने अधिक से अधिक मतदाता जोड़ने का अभियान चलाने की बात कही। अखिलेश ने दावा किया कि हरदोई का पेप्सी बॉटलिंग प्लांट सपा सरकार के प्रयासों से लगा, जबकि चक गंजरिया प्रशिक्षण संस्थान की शुरुआत भी सपा काल में हुई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कैंसर इंस्टीट्यूट का काम अधूरा है और जेपीएनआईसी को बर्बाद किया गया। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है।

