UP News: उत्तर प्रदेश एटीएस ने पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क शहजाद भट्टी से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। लखनऊ सहित प्रदेश के 10 जिलों में ATS की टीमों ने संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। इसमें सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, अलीगढ़ और मेरठ जिले शामिल हैं। इस दौरान 10 से 15 संदिग्ध उठाए गए हैं।
एटीएस की कार्रवाई का मकसद नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान करना और उनकी भूमिका की पड़ताल करना है। एजेंसी पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नए संदिग्धों तक पहुंच रही है। रिपोर्टों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में 150 से अधिक लोगों के बारे में जानकारी मिली है, जिनकी गतिविधियों और संपर्कों की जांच की जा रही है।
चार महीने में 52 गिरफ्तार
यूपी एटीएस पिछले चार महीनों में शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़ी कथित आतंकी गतिविधियों के मामलों में 52 संदिग्धों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से संपर्क और नेटवर्क से जोड़ने के आरोप भी सामने आए हैं।
एटीएस संदिग्धों के सोशल मीडिया अकाउंट, चैट और अन्य संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए एटीएस संदिग्धों के घरों और अन्य ठिकानों पर दबिश दे रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के दूसरे सदस्यों की भूमिका स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
