जनता के पैसे पर डकैती डालने वालों की जेबें पीएम मोदी ने खाली कराईं: सीएम योगी

जनता के पैसे पर डकैती डालने वालों की जेबें पीएम मोदी ने खाली कराईं: सीएम योगी

UP News: सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार (02 अक्‍टूबर) को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनधन खाते खोलने पर विपक्ष खिल्ली उड़ाता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के पैसे पर डकैती डालने वालों की जेबें खाली कराईं और गरीब का पैसा सीधे उसके खाते तक पहुंचाया। जिनकी जेबों में जनता का पैसा पहुंचता था, उन्हें बुरा लगना स्वाभाविक है।

मुख्‍यमंत्री आज लोक भवन सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ पर आधारित नाट्य श्रृंखला मंचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस प्रस्तुति को पूरे प्रदेश तक विस्तारित करने को भी कहा।

पीएम मोदी की तारीफ

सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी 07 अक्टूबर को गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करेंगे। यह बिना रुके, बिना झुके और बिना डिगे सेवा की यात्रा है। वर्ष 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के भ्रष्टाचार, अराजकता और अकर्मण्यता से देश में अविश्वास था। आंतरिक, बाह्य सुरक्षा के साथ अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भी चुनौतियां थीं। वर्ष 2014 में जनता ने मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया।

उन्होंने किसी जाति, मत, मजहब, क्षेत्र या भाषा के बजाए देशवासियों को केंद्र में रखकर योजनाएं आगे बढ़ाईं। आज गरीबों तक आवास, रसोई गैस, शौचालय, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं।

चप्पल वाला भी कर रहा हवाई यात्रा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि युवाओं के लिए स्टार्टअप और रोजगार के नए अवसर बने हैं। हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो और एयरपोर्ट का विस्तार हुआ है। पहले कोई प्रधानमंत्री यह दावा नहीं कर पाया कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज की यात्रा कर सकता है। पीएम ने इसे करके दिखाया।

बेघरों को आवास दिए, 12 करोड़ शौचालय बने। गरीबों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिलाया। आज देश में कोई व्यक्ति भूखा नहीं सो सकता क्योंकि सरकार मुफ्त अनाज दे रही है। डबल इंजन सरकार में आईआईटी, आईआईएम, एम्स, ट्रिपल आईटी, एनआईटी की श्रृंखला खड़ी हुई हैं। मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग संस्थान बन रहे हैं। देश में 2.5 लाख से ज्यादा स्टार्ट अप हो चुके हैं। अब हमारे नौजवान नौकरी देने वाले बन रहे हैं। 12 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ जोड़ा।

बीएनएन की प्रस्तुति

कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के तहत भारतेंदु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। नाट्य प्रस्तुति में वर्ष 2001 के गुजरात भूकंप की तबाही से लेकर कच्छ के पुनर्निर्माण और पीएम नरेन्द्र मोदी की जनसेवा की यात्रा को मंच पर उतारा गया। सीएम ने इसे पूर्वांचल में भोजपुरी, मध्य क्षेत्र में अवधी, ब्रज में ब्रज भाषा और बुंदेलखंड में बुंदेलखंडी शब्दों के साथ स्थानीय लोकगीत भी जोड़ने को कहा।

कार्यक्रम में भाजपा अवध क्षेत्र के अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, लखनऊ जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, एमएलसी मुकेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा व योगेंद्र पटेल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, पवन सिंह चौहान और सीएम के सलाहकार अवनीश अवस्थी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *