iPhone 18 Launch Event: बॉलीवुड एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी और सिंगर एपी ढिल्लों अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित क्यूपर्टिनो पहुंचे। बुधवार को दोनों ने यहां आयोजित एपल के आईफोन 18 लॉन्च इवेंट में हिस्सा लिया। इस खास कार्यक्रम में तृप्ति और एपी ढिल्लों को नए आईफोन 18 प्रो मॉडल देखने का मौका मिला। इस दौरान एप्पल के सीईओ जॉन टर्नस ने दोनों से मुलाकात की। उन्होंने सेलेब्स को नए आईफोन के फीचर्स भी दिखाए।
इवेंट में तृप्ति डिमरी रेड कोट और डेनिम में नजर आईं। वहीं एपी ढिल्लों ग्रे जैकेट में दिखाई दिए। तृप्ति डिमरी लाइव स्ट्रीमर आईशोस्पीड की लाइवस्ट्रीम में भी कुछ देर नजर आईं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में जॉन टर्नस को दोनों भारतीय कलाकारों से बातचीत करते देखा जा सकता है। इस दौरान उन्होंने नए आईफोन के बारे में भी जानकारी दी।
बुधवार रात हुआ लॉन्च इवेंट
एपल ने बुधवार रात लॉन्च इवेंट ‘सरप्राइज एंड शाइन’ में अपने पहले फोल्डेबल फोन आईफोन डुओ के साथ 6 डिवाइस लॉन्च किए। आईफोन डुओ में 5.4-इंच का कवर डिस्प्ले और अंदर 7.6-इंच की मेन स्क्रीन है, जो अब तक के किसी भी आईफोन का सबसे बड़ा डिस्प्ले है। आईफोन डुओ में पहली बार डुअल-बैटरी सिस्टम दिया गया है। इसमें फिजिकल सिम कार्ड नहीं लगेगा, यानी यह केवल ई-सिम पर चलेगा।
डुओ एपल का अब तक का सबसे महंगा आईफोन है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 3 लाख रुपए है, जबकि टॉप मॉडल की कीमत 4.50 लाख रुपए तक जाती है। भारत में इसकी बुकिंग 16 अक्टूबर से और बिक्री 23 अक्टूबर से शुरू होगी। साथ ही एपल ने इस बार आईफोन 18 सीरीज में सिर्फ प्रीमियम मॉडल 18 प्रो और 18 प्रो मैक्स लॉन्च किए हैं। इनमें सबसे खास मेन कैमरा है, जिसमें प्रोफेशनल DSLR कैमरे वाली टेक्नॉलॉजी दी गई है।
12 से बुकिंग और 18 सितंबर से शुरू होगी बिक्री
आईफोन 18 प्रो की शुरुआती कीमत 1,64,900 लाख रुपये और आईफोन 18 प्रो मैक्स की 1,79,900 रुपये है। इनकी बुकिंग 12 सितंबर से और बिक्री 18 सितंबर से शुरू होगी। इनके अलावा, इवेंट में एयरपॉड्स 5, एपल वॉच सीरीज 12 और वॉच अल्ट्रा 4 भी आए हैं।
