बनारस में गंगा द्वार बंद, फर्रुखाबाद में सड़कें तालाब बनीं; 46 शहरों में बारिश का अलर्ट

बनारस में गंगा द्वार बंद, फर्रुखाबाद में सड़कें तालाब बनीं; 46 शहरों में बारिश का अलर्ट

UP News: उत्‍तर प्रदेश में मंगलवार सुबह वाराणसी, लखनऊ, मेरठ और संभल सहित आठ शहरों में बारिश हुई। मेरठ और संभल में इतनी बारिश हुई कि गलियां और कॉलोनियां तालाब बन गईं। घरों-दुकानों में एक-एक फीट तक पानी भर गया। लखनऊ और आसपास के इलाकों में सुबह-सुबह करीब 2 घंटे तक बूंदाबांदी हुई। नोएडा, गाजियाबाद और सहारनपुर समेत पश्चिमी यूपी के ज्यादातर जिलों में बादल छाए हैं।

आज 46 जिलों में बारिश का अलर्ट है। आगरा में भारी बारिश होने की संभावना है। उधर, पहाड़ों पर हो रही जोरदार बारिश से यूपी में नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। सभी 84 घाटों को आपस में जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न हो गए हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर के 6 द्वारों में से मुख्य द्वार काशी विश्वनाथ मंदिर घाट (गंगा द्वार) को बंद कर दिया गया है।

मथुरा में घाटों की सीढ़ियों तक पहुंचा यमुना नदी का पानी

मथुरा में यमुना नदी का पानी घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। वृंदावन में केशीघाट का परिक्रमा मार्ग जलमग्न हो गया है। बिजनौर और फर्रुखाबाद बाढ़ की चपेट में हैं। गंगा नदी का पानी हाईवे के ऊपर बह रहा है। आसपास की कई सड़कें डूब गई हैं। गांवों में नावें चल रही हैं।

सहारनपुर में भारी बारिश की वजह से गंगराव नदी और शाकंभरी मंदिर के पास की बरसाती नदी में सैलाब आ गया। मंदिर के प्रवेश द्वार पर दो फीट तक पानी भर गया। तेज बहाव में मिर्जापुर क्षेत्र का रपटा पुल क्षतिग्रस्त हो गया। नदी का पानी दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे के ऊपर से बहने लगा।

24 घंटे में हो सकती है अच्‍छी खासी बारिश 

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरी मध्य प्रदेश में हवा का दबाव कम हो गया है। जब कहीं हवा का दबाव कम होता है, तो वह आसपास के बादलों और नमी को अपनी तरफ खींचने लगता है। इसी वजह से मानसूनी सिस्टम राजस्थान के बीकानेर से शुरू होकर मध्य प्रदेश, झारखंड और बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक खिसक गया है। हिमाचल प्रदेश के पास भी बादलों का एक बड़ा घेरा घूम रहा है। इन दोनों मौसमी सिस्टमों के एक साथ एक्टिव होने की वजह से ही पिछले 24 घंटों में यूपी के पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों में अच्छी-खासी बारिश देखने को मिली है।

यूपी में अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?

पश्चिमी यूपी: गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद बारिश में हल्की कमी आ सकती है, लेकिन बौछारें पड़ती रहेंगी।

पूर्वी यूपी: मानसून लगातार मेहरबान रहेगा। रुक-रुक कर मध्यम से तेज बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है।

मध्य यूपी (अवध क्षेत्र): आसमान में काले बादल छाए रहेंगे। दिन भर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में तेज बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *