Rishabh Pant: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार वजह उनका बल्ला या मैदान पर उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि उत्तराखंड में जमीन लेने को लेकर की गई उनकी अपील है। पंत फिलहाल श्रीलंका इलेवन के खिलाफ कोलंबो में वार्म अप मैच खेल रहे हैं। शुक्रवार को वो विकेटकीपिंग करते भी दिखे थे। इसके बाद शुक्रवार को आधी रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए राज्य में जमीन दिलाने की गुहार लगा दी। उनका पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
A gift would be lovey for representation out states at the highest level internationally stages but if you allow me I wanna buy it fromGovernment and on there rates at least I can have my first house built in my own state and our state please be helpful. Seriously didn’t know…
— Rishabh Pant (@RishabhPant17) August 7, 2026
CM धामी से पंत ने की खास अपील
पंत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए लिखा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें ऐसी जमीन नहीं मिल पा रही है, जहां वह अपना घर बना सकें। उन्होंने खुद को उत्तराखंड का स्थानीय बताते हुए कहा कि वह अपने राज्य से बेहद प्यार करते हैं और वापस अपने पहाड़ी लोगों के बीच जाना चाहते हैं। पंत ने लिखा, सर, मैं दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन मुझे ऐसी बड़ी और रहने लायक जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है कि जमीन हासिल करने में मेरी मदद करें।’ उन्होंने आगे कहा कि वह अपने राज्य के लिए काम करना और उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं। पंत के मुताबिक, वह पिछले करीब तीन साल से जमीन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है।
गिफ्ट की भी कर दी मांग
पंत ने इसके बाद एक और पोस्ट किया, जिसने उनकी अपील को और दिलचस्प बना दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि अगर सरकार उन्हें जमीन उपहार के तौर पर देती है तो यह उनके लिए राज्य का प्रतिनिधित्व करने के बदले एक खास सम्मान होगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार से तय दरों पर जमीन खरीदने के लिए तैयार हैं। पंत ने लिखा, राज्य को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सबसे ऊंचे स्तर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए एक उपहार अच्छा रहेगा। लेकिन अगर आप अनुमति दें तो मैं इसे सरकार से तय दरों पर खरीदना चाहता हूं। कम से कम मैं अपने राज्य में अपना पहला घर बना सकूं।
