UP में जोरदार बारिश: मथुरा में बाइक-स्कूटी डूबी, लखनऊ-उन्नाव में सड़कें बनीं तालाब; जानें हालात

UP में जोरदार बारिश: मथुरा में बाइक-स्कूटी डूबी, लखनऊ-उन्नाव में सड़कें बनीं तालाब; जानें हालात

UP News: उत्‍तर प्रदेश में मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और मथुरा सहित 50 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बाकी जिलों में बादल छाए हैं। मथुरा में भारी बारिश की वजह से अंडरपास में चार फीट तक पानी भर गया। कई स्कूटी और बाइक डूब गईं। लोग कमर तक पानी में चलने को मजबूर हैं।

लखनऊ और उन्नाव में पिछले 13 घंटों से बारिश हो रही है। सोमवार रात 9 बजे शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह भी जारी रहा। सड़कें जलमग्न हो गईं। कई घरों में पानी घुस गया। कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। रायबरेली में भारी बारिश की वजह से कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई।

आगरा में प्राइवेट स्‍कूल बंद

आगरा में भी रात 1 बजे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। उधर, बाराबंकी में 2 घंटे की मूसलाधार बारिश से बस स्टेशन परिसर में जलभराव हो गया। अमेठी में करीब एक हफ्ते के लंबे इंतजार के बाद बारिश हुई। मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 72 जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

उधर, पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बारिश से यूपी में गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद के 24 और बिजनौर के 6 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। दोनों शहरों में स्टेट हाईवे पर पिछले 5 दिनों से गंगा का पानी बह रहा है। बिजनौर के चांदपुर में सड़क बहने से 12 फीट गहरा गड्ढा बन गया है।

4-5 दिन होगी झमाझम बारिश

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसूनी सिस्टम अब यूपी के ऊपर एक्टिव हो गया है। यह दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर गुजर रहा है। इस वजह से कई चक्रवात सक्रिय हो गए हैं। गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाएं मजबूत हुई हैं। इसके असर से अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, अयोध्या, बाराबंकी, अंबेडकरनगर, अमेठी, सुल्तानपुर, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन, भदोही।

हल्की बारिश

झांसी, ललितपुर, महोबा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *