Price Hike Updates: रोजमर्रा की चीजें महंगी होंगी, HUL बढ़ाएगा कीमतें

Price Hike Updates: रोजमर्रा की चीजें महंगी होंगी, HUL बढ़ाएगा कीमतें

Price Hike Updates: डेली प्रोडक्ट्स वाली चीजों की कीमतों में पांच प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होने वाली है। दिग्गज FMCG कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) सितंबर तिमाही में कई प्रॉडक्ट कैटेगरी में कीमतें बढ़ा सकती है। कंपनी के टॉप मैनेजमेंट ने मंगलवार को ये बात कही। कंपनी का अनुमान है कि अप्रैल-जून, 2026 के मुकाबले चालू तिमाही में कीमतों में 2 से 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। भारत में हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड एक प्रमुख FMCG कंपनी है। ये देश में डिटर्जेंट, चाय, कॉफी, फ्लोर क्लीनर, शैम्पू, टूथपेस्ट, फेस क्रीम, साबुन, जैम, सूप, हेल्थ ड्रिंक पाउडर, ब्यूटी प्रॉडक्ट्स जैसी कई चीजें बेचती है। व्हील, बूस्ट, हॉरलिक्स, रेड लेबल, ताज महल, ब्रू, क्लोजअप, क्लिनिक प्लस, डव, हमाम, इंदूलेखा, किसान जैम, नॉर सूप, लक्स, लैक्मे, लाइफबॉय, पॉन्ड्स, पीयर्स, पेप्सोडेंट, रिन, रेक्सॉना, विम, वैसलीन, सनसिल्क, सर्फ एक्सेल इसके प्रमुख ब्रांड्स हैं।

कंपनी ने पहली तिमाही में भी बढ़ाई थी कीमतें

FMCG की अलग-अलग कैटेगरी में बिजनेस करने वाली इस प्रमुख कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कीमतों में 2-5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। हिंदुस्तान यूनिलीवर की चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और मैनेजिंग डायरेक्टर प्रिया नायर ने तिमाही नतीजों के बाद मीडिया के साथ बातचीत करते हुए कहा कि कंपनी मात्रा आधारित बढ़ोतरी को सुरक्षित रखते हुए चालू तिमाही में संतुलित और चरणबद्ध’ तरीके से कीमत निर्धारण की कार्रवाई जारी रखेगी।

प्रिया नायर ने कहा, ”कुल मिलाकर, हम देख रहे हैं कि स्थिति लगातार अस्थिर बनी हुई है। चाहे वो पश्चिम एशिया का संकट हो या फिर मानसून और अल नीनो का प्रभाव.. हम सभी पर नजर बनाए हुए हैं।” हिंदुस्तान यूनिलीवर की सीईओ और एमडी प्रिया नायर ने कहा कि कंपनी को सितंबर तिमाही में क्रमिक रूप से महंगाई बढ़ने की उम्मीद है।

क्या है हिंदुस्तान यूनिलीवर की प्राथमिकता?

हालांकि, उन्होंने ये भी जोड़ा कि हिंदुस्तान यूनिलीवर की प्राथमिकता मात्रा आधारित बढ़ोतरी ही बनी हुई है। उन्होंने कहा, हम मात्रा आधारित राजस्व वृद्धि पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। वो हमारी प्राथमिकता बनी रहेगी। हिंदुस्तान यूनिलीवर के मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) निरंजन गुप्ता ने कहा कि कंपनी ने जून तिमाही में मूल्य निर्धारण के जरिए सिर्फ आधी महंगाई का ही बोझ ग्राहकों पर डाला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *