UP News: उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, वाराणसी, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी और बहराइच आदि जिले 22 जून को लू की चपेट में रहे। वहीं, पूर्वी यूपी के गोरखपुर, बस्ती, मऊ और बलिया में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई। महराजगंज और सिद्धार्थनगर में तेज हवाओं से साथ रुक-रुक कर बूंदे पड़ी। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार के लिए बांदा, प्रयागराज, वाराणसी और झांसी समेत प्रदेश के 45 जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार को 43.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं हमीरपुर में 42.2 डिग्री, कानपुर में 41.8 डिग्री, अमेठी में 41.5 डिग्री और बांदा में 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
दो दिन चलेगी लू, होगी तेज गर्मी
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल दो दिन प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लू और तेज गर्मी का असर बना रहेगा। उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक के शेष भागों, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों व ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़त दर्ज की है।
इन जिलों में है लू की चेतावनी
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गौडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर व आस पास के क्षेत्र।

