हनुमानगढ़ी में दर्शन, बाहर आकर मछली की दावत और फिर राम-राम: सीएम योगी

हनुमानगढ़ी में दर्शन, बाहर आकर मछली की दावत और फिर राम-राम: सीएम योगी

UP News: सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (24 अगस्‍त) को रायबरेली को 879 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर वह राहुल गांधी पर जमकर बरसे। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राम मंदिर का विरोध करती रही है। उसे गिरगिट की तरह रंग बदलने वाला बताया।

मुख्‍यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं। बाहर आकर मछली की दावत उड़ाते हैं। फिर, राम-राम चिल्लाते हैं। बेशर्मी की भी एक सीमा होती है, इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का कहना है कि केवल उनके परिवार को ही सम्मान मिले। इन्होंने कभी भारत के क्रांतिकारियों और नायकों को सम्मान देने का कार्य नहीं किया।

राहुल गांधी से देश कोई अपेक्षा नहीं करता

इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को विस्मृत कर देता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता। भारत की परंपरा और आदर्शों को भुलाकर देश के खिलाफ षड्यंत्र करने का कुछ लोगों ने ठेका ले लिया है। मंगल पांडेय, नाना साहब, तात्या टोपे और रानी लक्ष्मीबाई ने जिस स्वतंत्रता संग्राम की ज्वाला को आगे बढ़ाया, उसी लड़ाई का नेतृत्व रायबरेली क्षेत्र में राना बेनी माधव बख्श सिंह ने किया। यही वजह है कि वर्षों बाद भी लोग उन्हें याद करते हैं।

उन्होंने राहुल गांधी के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि एक व्यक्ति के रूप में देश को उनसे कोई अपेक्षा नहीं है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के नाते वह संसद और लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह हैं। राहुल गांधी ने संविधान की शपथ ली है, लेकिन भारत की परंपरा और विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। वह यूपी के बाहर जाकर यूपी को बदनाम करते हैं। देश के बाहर जाकर देश का अपमान करते हैं। वह देश विरोधी तत्वों को प्रोत्साहित करते हैं।

देश ने आपातकाल की ‘काली छाया’ देखी है

सीएम ने आगे कहा कि भारत की सेना जब सीमा पर दुश्मनों से लड़ती है तो आप उससे जवाब मांगते हैं। अयोध्या में श्रीराम के अस्तित्व पर आपकी पार्टी सवाल खड़े करती है। देश ने वर्ष 1975 में आपातकाल की ‘काली छाया’ देखी है। जंतर मंतर में अभी एक बेटी ने पीएम मोदी पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बाद में उस बेटी और उसके माता-पिता ने इस बात को स्वीकार किया कि उनकी बेटी ने गलत बोला है। आप अर्बन नक्सलियों के हाथों देश को क्यों बेचना चाहते हैं?

कांग्रेस ने देश को लूटा

उन्होंने आगे कहा कि अमेठी और रायबरेली इस परिवार को ढोता तो रहा, लेकिन इन्होंने इन जिलों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। यहां सब कुछ एक ही परिवार के नाम पर कर दिया गया। 1925 में काकोरी से ब्रिटिशर्स द्वारा जो खजाना ले जाया जा रहा था, क्रांतिकारियों ने उसे अपने कब्जे में लिया था। कांग्रेस ने उसे काकोरी ट्रेन लूट घटना नाम दिया। अरे लूटा तो आपने है देश को। देश को लूटकर उस धन को ठिकाने लगाने का काम आपने किया।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि आपने भारत नहीं बनाया है, भारत का विभाजन आपने जरूर कराया। भारत के विभाजन और यहां के लोगों के कत्लेआम कराने का दोषी आपका परिवार है। वीर सावरकर के 28 साल की उम्र में दोहरे आजन्म कारावास की सजा हुई। दोनों भाई पोर्टब्लेयर की एक ही सेल्युलर जेल में बंद रहे। 10 साल तक एक दूसरे का चेहरा तक नहीं देखा। जब अटल बिहारी बाजपेयी सरकार ने पोर्टब्लेयर के एयरपोर्ट का नाम वीर सावरकर के नाम पर किया तो कांग्रेस ने उनका नाम हटा दिया था।

भाजपा ने देश की विरासत और महापुरुषों को सम्मान दिया

सीएम योगी ने आगे कहा कि कांग्रेस को नेताजी सुभाष चंद्र बोस और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महापुरुष भी स्वीकार नहीं हैं। अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट, निषादराज के नाम पर विश्रामालय और शबरी माता के नाम पर भोजनालय बनाए गए हैं। भाजपा सरकार ने देश की विरासत और महापुरुषों को सम्मान दिया है और भगवान राम को भी सम्मान दिया है।

उन्‍होंने राना बेनी माधव बख्श सिंह के करीबी सेनापति वीर पासी को भी याद किया। कहा कि वीर पासी की प्रतिमा भी लगाई जानी चाहिए। स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले सभी वीरों का सम्मान करना समाज और सरकार की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *