- हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत 20 से अधिक शिक्षण संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगितायें होंगे आयोजित
लखनऊ: हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत 15 दिवसीय साहित्यिक और सांस्कृतिक उत्सव क्षितिज 5.0 का आयोजन किया जाएगा। इसी के मद्देनज़र एक से 12 सितम्बर 2026 को लखनऊ, सीतापुर, उन्नाव तथा सुल्तानपुर के 20 से अधिक शिक्षण संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी। काव्योम फ़ाउण्डेशन द्वारा हिंदी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग (लखनऊ विश्वविद्यालय) के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन होगा। प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का सम्मान समारोह तथा हिंदी दिवस के मुख्य समारोह के अंतर्गत (14-15 सितंबर 2026 ) लखनऊ विश्वविद्यालय में संपन्न होगा। पुरस्कार वितरण समारोह 14 सितंबर को होगा तथा 15 सितंबर को अशोक अग्निपथी एवं अन्य राष्ट्रीय कवियों की उपस्थिति में एक भव्य कवि सम्मेलन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक अच्युत बाजपेई (काव्योम फ़ाउण्डेशन) ने बताया कि यह कार्यक्रम महाविद्यालयों में छात्रों को अपनी भाषा से जोड़ने का प्रयास है। फाउंडेशन के सचिव अनमोल मिश्रा ने बताया कि हिन्दी भाषा को प्राथमिकता देने वाले सोशल मीडिया इंफ़्लुएंसर भी इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
सम्मान समारोह में मौजूद रहेंगे ये अतिथि
सह-सचिव प्रशांत प्रखर और कोषाध्यक्ष मानस बाजपेयी समेत अन्य समन्वयक उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में अतिथियों के रूप में कुलपति लखनऊ विश्वविद्यालय प्रो. जयप्रकाश सैनी, वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ल, राजेश्वर सिंह (विधायक, सरोजिनी नगर), प्रख्यात रेडियो उद्घोषक नूतन वसिष्ठ, अनुपमा शरद और पुनीता अवस्थी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सिनेमा व सोशल मीडिया जगत से प्रसिद्ध कलाकार कुशल दुबे (द ऐसटैग) और ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह (द माचो बर्ड टीम) के साथ उपस्थित होंगे। मंच पर प्रसिद्ध गीतकार ज्ञान प्रकाश आकुल की भी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम हिन्दी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सम्पन्न होगा। प्रो. पवन अग्रवाल (अध्यक्ष, हिंदी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग) ने बताया है कि सभी तैयारियां पूर्ण हैं, प्रचार-प्रसार पर ज़ोर-शोर से कार्य चल रहा है।
