NEET Re-Exam 2026: भारत सरकार की मंजूरी के साथ नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (स्नातक) (NEET-UG) री-एग्जाम की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। अब यह परीक्षा रविवार (21 जून) को होगी। यह परीक्षा 03 मई को भारत के 551 और विदेशों के 14 शहरों में हुई थी। इसके लिए 5400 से ज्यादा एग्जाम सेंटर्स बनाए गए थे। इसमें 22.79 लाख स्टूडेंट्स बैठे थे।
पेपर लीक के आरोप के चलते 12 मई को NTA ने एग्जाम कैंसिल कर दिया था। NTA ने पहले ही बता दिया था कि छात्रों को परीक्षा के लिए दोबारा अप्लाई नहीं करना होगा। कोई एक्स्ट्रा एग्जाम फीस नहीं देनी होगी। पहले से जमा फीस वापस मिलेगी। इसके अलावा स्टूडेंट्स के एग्जाम सेंटर भी नहीं बदले जाएंगे।
नए एडमिट कार्ड का जल्द जारी होगा शेड्यूल
NTA के X पोस्ट के मुताबिक, नए एडमिट कार्ड देने का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा। NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के घर गुरुवार को हाईलेवल बैठक हुई थी। NEET-UG 2026 परीक्षा के रद्द होने के दो दिन बाद हुई मीटिंग में दोबारा एग्जाम कराने पर चर्चा हुई थी। इस पूरे मामले पर प्रधान कुछ देर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

NEET पेपर लीक केस में अब तक 7 गिरफ्तारियां
NEET पेपर लीक पर देशभर में विरोध के बीच गुरुवार को अहमदाबाद में NSUI कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को काले झंडे दिखाए और काफिला रोकने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
सीबीआई ने मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने 5 आरोपियों को 7 दिन की कस्टडी में भेज दिया है। वहीं, राजस्थान के सीकर से आरोपी मांगी लाल बिंवाल, जमवारामगढ़ के भाई दिनेश बिंवाल, बेटा विकास बिंवाल, हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले यश यादव और नासिक से शुभम खैरनार को गिरफ्तार किया। शुभम ने ही यश को पेपर दिया था।

