-
दारा सिंह चौहान ने कहा– विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य के लिए बूथ स्तर तक जुटें
Lucknow: प्रदेश सरकार में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के जन्मदिवस के पर ‘संकल्प दिवस समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों से आए चौहान समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। समारोह में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री एवं भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दारा सिंह चौहान को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना की। उन्होंने कहा कि दारा सिंह चौहान से उनका संबंध लंबे समय से है और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्हें उनके साथ कार्य करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने समाज और संगठन के लिए दारा सिंह चौहान के योगदान की सराहना की तथा उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं दीं।

समाज को संगठित और पहचान दिलाने का किया है कार्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दारा सिंह चौहान ने चौहान समाज को संगठित करने और समाज को पहचान दिलाने का निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित और शिक्षित करने का संकल्प ही समाज को मजबूत बनाएगा। उन्होंने कहा कि दारा सिंह चौहान समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करने वाले नेता हैं। उन्होंने समारोह में उमड़ी भीड़ को चौहान समाज की ताकत और एकजुटता का प्रमाण बताया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि दारा सिंह चौहान ने समाज के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए और आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा, संगठन और सामाजिक चेतना को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने समारोह में उपस्थित जनसमूह को अगले वर्ष और अधिक व्यापक स्तर पर संकल्प दिवस मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अगले संकल्प दिवस पर महान सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्य किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि दारा सिंह चौहान समाज को संगठित करने और समाज के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि संकल्प दिवस केवल जन्मदिन मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज को संगठित, शिक्षित और मजबूत बनाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने चौहान समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर सामाजिक और शैक्षिक प्रगति की दिशा में कार्य करें। महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने दारा सिंह चौहान को जनसेवा के प्रति समर्पित संवेदनशील और कर्मठ जननेता बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दारा सिंह चौहान गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने महिलाओं के हितों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना की।

एकजुटता ही सबसे बड़ी शक्ति
वहीं मंत्री दारा सिंह चौहान ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि चौहान समाज को आगे बढ़ाने के लिए संगठन, शिक्षा और सामाजिक चेतना को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित चौहान समाज के लक्ष्य को साकार करने के लिए अपने-अपने बूथों पर मजबूती से कार्य करें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। दारा सिंह चौहान ने कहा कि चौहान समाज के लोगों का प्रेम और विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि चौहान समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए वे निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने अगले वर्ष 25 जुलाई को आयोजित होने वाले संकल्प दिवस समारोह में सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापित कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने उपस्थित लोगों से इस संकल्प को पूरा करने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
