Elon Musk News: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने एलन मस्क और भारत में स्टारलिंक को लाइसेंस में देरी पर चल रही बहस पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने एक्टर और राज्यसभा सांसद कमल हासन के बयान का समर्थन किया। कंगना ने सोशल मीडिया ‘X’ पर हासन की टिप्पणी की तारीफ की।
कमल हासन ने कहा था कि भारत किसी का गुलाम नहीं है। कोई अरबपति नहीं, जनता भारत की नीतियां तय करेगी। इस पर कंगना ने मस्क पर तंज कसा, “ओह!! यह तो चुभ गया होगा। बहुत अच्छी बात कही और इसे अच्छी तरह समझाया। तीखा, सटीक और व्यंग्यात्मक।”

कमल हासन ने एलन मस्क को दिया था जवाब
इलॉन मस्क ने भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक को लाइसेंस नहीं मिलने पर सवाल उठाए हैं। मस्क ने गुरुवार को X पर लिखा कि स्टारलिंक को दुनिया के 165 से ज्यादा देशों में सेवा देने की मंजूरी मिल चुकी है। कंपनी पिछले पांच साल से भारत सरकार के हर कानून और जरूरी शर्त का पालन कर रही है। इसके बावजूद उसे भारत में लाइसेंस क्यों नहीं मिला है? क्या अंबानी देश के रियल बॉस हैं?
मस्क के सवाल पर कमल हासन ने जवाब देते हुए X पर लिखा, मिस्टर मस्क, यह बात तय है कि कोई भी अरबपति किसी देश की नीति तय नहीं कर सकता चाहे वह भारतीय हो या अमेरिकी। हम एक लोकतांत्रिक देश हैं। भारत के लोग अपनी ताकतों और कमियों पर आपस में बहस करेंगे, सवाल उठाएंगे और उन्हें खुद सुधारेंगे। भारत एक आजाद लोकतंत्र है, किसी का गुलाम (कॉलोनी) नहीं। हम दुनिया के हर निवेशक और तकनीक का स्वागत करते हैं, लेकिन भारत का भविष्य केवल और केवल भारत की जनता तय करेगी। पश्चिमी स्वार्थी तत्व, उनके दोहरे मापदंड या कोई अरबपति नहीं।

एक्टर कुणाल कपूर बोले
एक्टर कुणाल कपूर ने भी एलॉन मस्क के बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने लिखा, ‘इस हफ्ते एलन मस्क को देखकर समझ आता है कि वेस्टर्न देशों के टेक अरबपतियों में खुद को दूसरों का मसीहा समझने की सोच कितनी गहरी है। वे किसी देश के लोगों को बेहतर भविष्य के सपने दिखाते हैं। अगर देश उनका स्वागत करता है, तो वे उसे तरक्की चाहने वाला देश बताते हैं। लेकिन अगर कोई देश उनकी बात नहीं मानता या उन्हें इंतजार करवाता है, तो वे ऐसा दिखाने लगते हैं, जैसे वहां के लोगों को अपनी ही व्यवस्था से बचाने के लिए उनकी जरूरत है।’

आगे कुणाल ने लिखा है, ‘ऐसा पहले भी हो चुका है। थाईलैंड की एक गुफा में लड़के फंस गए थे। उन्हें बचाने के लिए एलन मस्क ने एक छोटी पनडुब्बी भेजी थी। लेकिन बचाव दल ने उसका इस्तेमाल नहीं किया। गोताखोर वर्नन अनस्वर्थ ने भी कहा कि यह तरीका व्यावहारिक नहीं है। इस पर मस्क ने उन पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘पीडोफाइल’ कह दिया। इसी तरह, जब ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने X को अपने आदेशों का पालन करने को कहा, तो मस्क ने जज को ‘तानाशाह’ बता दिया। हर बार कहानी लगभग एक जैसी होती है, बस देश बदल जाता है।’
राहुल ने मस्क से कहा– दूसरे शख्स का इंतजार कीजिए
इससे पहले मस्क के सवाल पर राहुल गांधी ने जवाब दिया था- भारत में आपका स्वागत है, इलॉन। दूसरे शख्स के मिलने तक इंतजार कीजिए। राहुल गांधी के जवाब पर इलॉन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा- धन्यवाद, राहुल। यह वाकई परेशान करने वाला है।
मस्क इससे पहले भी आरोप लगा चुके हैं कि भारत में कुछ बड़े कारोबारी स्टारलिंक की एंट्री रोककर बाजार पर अपना दबदबा बनाए रखना चाहते हैं। हालांकि, केंद्र सरकार ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।

7 अक्टूबर: मस्क का उद्योगपतियों पर आरोप
इलॉन मस्क ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारत के कुछ बड़े बिजनेसमैन नहीं चाहते कि स्टारलिंक का सैटेलाइट इंटरनेट भारत आए, ताकि उनका एकछत्र राज बना रहे। आप अंदाजा लगा सकते हैं कि वे कौन हैं…’। यह भारत के लोगों के खिलाफ एक अपराध है।
8 अक्टूबर: सरकार ने आरोप खारिज किए
भारत सरकार ने मस्क के आरोपों को खारिज कर दिया है। सरकार ने गुरुवार को कहा कि देश में सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विसेज के लिए तय नियम सभी के लिए एक जैसे हैं। यह कहना बिल्कुल गलत है कि नियमों को किसी के साथ भेदभाव करने के लिए लागू किया जा रहा है।
