CJP Protest News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन को पुलिस की मंजूरी नहीं है। यह जानकारी शुक्रवार को जॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि CJP ने 7 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करने की सूचना दी थी। तय गाइडलाइन के अनुसार 10 दिन पहले आवेदन देना जरूरी है।
उन्होंने बताया- ‘एहतियात के तौर पर 10 अक्टूबर को राजधानी के 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने का फैसला लिया गया है।’ इस बीच कॉकरोज जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने कहा है कि सरकार डर गई है। राजधानी में इतनी फोर्स तैनात की है कि खुद बंद का आह्वान कर लिया है।
कल की कई ट्रेनें कैंसिल
उधर, न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन आने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें कल कैंसिल रहेंगी। रेलवे ने इन ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों से ही रद्द कर दिया है।
केजरीवाल ने कहा– वोट डिलीट किए जा रहे
गोवा के पणजी में अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र की BJP सरकार लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर लोगों के वोट डिलीट किए जा रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा, “जिस तरह केंद्र की BJP सरकार हमारे लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है, बड़े पैमाने पर लोगों के वोट डिलीट किए जा रहे हैं। वे उन लोगों के वोट डिलीट कर रहे हैं, जो वोट नहीं देते।”
जंतर-मंतर से जनपथ तक पुलिस-RAF तैनात
CJP विरोध प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर, टॉलस्टॉय मार्ग और जनपथ पर पुलिस और RAF के जवानों को तैनात किया गया है।
सौरव दास ने कहा– सरकार ने कल खुद दिल्ली बंद बुलाया
कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने कहा, “दिल्ली में पूरी तरह बंद जैसे हालात सरकार ने खुद पैदा किए हैं। सरकार को डर है कि अगर ज्ञानेश कुमार गए, तो सब चले जाएंगे। भारत सरकार ने कल दिल्ली बंद का आह्वान किया है।”
अभिजीत दीपके ने कहा– आंदोलन होकर रहेगा
CJP के 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपक ने कहा, “हमारा आंदोलन होकर रहेगा। जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए तय जगह है। संविधान का अनुच्छेद 19 प्रदर्शन करने का मौलिक अधिकार देता है, फिर अनुमति लेने की क्या जरूरत है।”
उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा, “क्या 13 करोड़ वोटरों के नाम हटाने से पहले अनुमति ली गई थी। क्या आप चाहते हैं कि चुनाव में धांधली करने वालों के खिलाफ हम प्रदर्शन भी न करें। ऐसा नहीं हो सकता। देश इस तरह नहीं चल सकता। देश को बचाने के लिए हम प्रदर्शन करेंगे।”
