UP News: रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि रामपुर, जिसके नाम में ही राम है, वहां रामराज्य की भावना को मार दिया गया है। रामराज्य की भावना को कुचला जा रहा है। आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे। फर्जी मुकदमों में इतनी ताकत नहीं कि उनको जेल में रख सके। करप्ट अधिकारी फर्जी मुकदमे लगाने का हथियार बन रहे हैं, लेकिन अब धीरे-धीरे अधिकारी भी साथ छोड़ रहे हैं।
एक न्यूज चैनल के सवाल- ‘आजम खान से मिलने आने में 11 महीने लग गए’, पर अखिलेश यादव भड़क गए। उन्होंने कहा- मेरी जानकारी में नहीं है कि किस चैनल का दाना लेकर आए हैं। लेकिन थोड़ी इज्जत दे दी तो सर पर चढ़ गए।
आजम के परिवार से मिलने भी गए
सपा प्रमुख गुरुवार दिन में करीब डेढ़ बजे रामपुर पहुंचे। जौहर विवि पर बने हेलीपैड पर उनका हेलीकॉप्टर लैंड किया। यहां से कार से वह सीधे जेल रवाना हुए। उनके साथ कार में आजम खान के बड़े बेटे अदीब भी थे। हालांकि, अदीब जेल के अंदर नहीं गए।
अखिलेश यादव की एक साल के भीतर आजम खान से यह तीसरी मुलाकात है। आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल में बंद हैं। एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने इस मामले में दोनों को सात-सात साल की सजा सुनाई है। आजम खान ने हाईकोर्ट में अपील की है।
ओवैसी पर बोले– रावण भी वेश बदलकर सीता मां को ले गया था
ओवैसी के यूपी में सक्रिय होने के सवाल पर अखिलेश ने कहा, “रावण भी एक दिन के लिए वेशभूषा बदलकर सीता मां को अपने साथ ले गया था। यहां तो इतने सालों से वेशभूषा बदल रखी है।”
आजम से मिलकर जेल से बाहर आए अखिलेश यादव ने कहा- मैं आजम खान से मिलकर आ रहा हूं। आजम खान से मुलाकात राजनीतिक ही नहीं बल्कि इमोशनल मामला भी है। वह हमारे दिल से जुड़े हुए हैं। किसी भी राजनैतिक परिवार पर इतना अन्याय नहीं हुआ होगा जितना आजम खान के परिवार पर हुआ होगा। झूठे मुकदमों में उनको जेल भेजा गया, इतने सालों से वो जेल में हैं।
बीजेपी का पढ़ाई से कोई लेना–देना नहीं
सपा प्रमुख ने कहा- सच्चाई तो ये है कि बीजेपी को न पढ़ाई लिखाई से लेना देना है, न किसी तरह की भविष्य बनाने वाली यूनिवर्सिटी को लेकर चिंता है। सही मायने में यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने का जो षडयंत्र रचा गया है। धरती पर शायदी ही किसी सरकार ने रचा हो। लेकिन फर्जी मुकदमों में इतनी ताकत नहीं कि सच्चाई को कैद कर सके। जौहर यूनिवर्सिटी का सपना पूरा करने में समाजवादी पार्टी लगी हुई है।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। कहा- समाजवादी पार्टी पहले दिन से आरोप लगा रही है कि चुनाव आयोग, भाजपा से मिला हुआ है। अब चुनाव आयोग की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और वह सीधे-सीधे भाजपा का होता जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा वोट चोरी में पकड़ी गई है।
जेल से बाहर आने के बाद आजम के घर पहुंचे अखिलेश
अखिलेश यादव बरेली से हेलीकॉप्टर से रामपुर पहुंचे थे। जौहर विवि में उनका हेलीकॉप्टर लैंड किया। यहां से कार से वह जेल पहुंचे। कार में उनके साथ आजम के बड़े बेटे अदीब थे। हालांकि, वह जेल के भीतर नहीं गए। अदीब बाहर ही खड़े रहे।
जेल में आजम और अखिलेश की करीब एक घंटे तक मुलाकात हुई। वह दिन के करीब 1.42 बजे जेल के अंदर दाखिल हुए थे और 2.51 पर बाहर निकले। इसके बाद वह आजम खान के घर गए। आजम के घर भी करीब एक घंटा रहे। यहां उनकी पत्नी तंजीन फातिमा, बेटे अदीब और परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत की।
हेलीपैड पर आजम के परिवार ने किया स्वागत
जौहर विवि में बने हेलीपैड के पास अखिलेश यादव के स्वागत के लिए आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा, बेटे अदीब आजम, अब्दुल्ला के 3 दोस्त अदनान, अनवर, सालिम के अलावा सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर, नगर अध्यक्ष आसिम राजा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
