UP News: उत्तर प्रदेश में बारिश बिल्कुल थम गई है, लेकिन 11 जिलों में 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। लखनऊ में गोमती नदी उफान पर है, जिससे रिहायशी इलाकों के 1,000 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया है। लोग घर छोड़कर पलायन करने को मजबूर हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। पानी गोमती रिवर फ्रंट में भी घुस गया है, जिसे अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
दरअसल, गोमती नदी में कई नदियों और छोटे-बड़े नालों का पानी पहुंच रहा है। इसमें बेहटा, श्रावण सहित अन्य नाले शामिल हैं। पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और लखनऊ का पानी भी गोमती में पहुंच रहा है। इससे नदी का जलस्तर बढ़ा है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि पिछले दो दिन से भटपुरवा में जलस्तर स्थिर है। भटपुरवा सीतापुर और लखनऊ की सीमा पर स्थित है। उनका कहना है कि अब आगे भी नदी का जलस्तर स्थिर रहने और धीरे-धीरे कम होने का अनुमान है।
पांडु नदी के तेज बहाव में पलटी नाव
फतेहपुर में पांडु नदी के तेज बहाव में 12 लोगों से भरी नाव पलट गई। गनीमत रही कि ग्रामीणों ने लोगों को बचा लिया। लखीमपुर खीरी में बच्चों से भरी बोलेरो उफनते नाले में डूब गई। आसपास के लोगों ने बच्चों की जान बचाई। फर्रुखाबाद में पुल डूब गए हैं। सीतापुर में सरायन नदी खतरे के निशान से 1.62 मीटर ऊपर बह रही है।
उन्नाव में सई नदी का पानी 12 से ज्यादा गांवों में घुस गया है, जिससे हजारों बीघे धान की फसल डूब गई है। गोंडा में घाघरा खतरे के निशान से 26 सेमी ऊपर बह रही है, जिससे 30 गांव टापू में तब्दील हो गए हैं और करीब 25 हजार की आबादी बाढ़ में फंसी हुई है।
आज पूरे प्रदेश में मौसम साफ
इधर, शनिवार सुबह से पूरे प्रदेश में मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। मौसम विभाग (IMD) ने आज किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। IMD के मुताबिक, प्रदेश में मानसूनी सीजन खत्म हो गया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून का समय 1 जून से 30 सितंबर तक माना जाता है। इस दौरान औसत से 8% ज्यादा बारिश हुई है।
वाराणसी में BHU के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि 1 जून से 30 सितंबर 2026 के मानसून सीजन में पूरे यूपी में सामान्य बारिश हुई है। आमतौर पर जितनी बारिश होती है, इस साल उससे 8% ज्यादा कुल 802.9 मिमी बारिश हुई। पूर्वी यूपी में औसत से 2% कुल 817 मिमी और पश्चिमी यूपी में 16% ज्यादा 782.7 मिमी बारिश हुई।
यूपी के 11 जिलों में नदियां उफनाईं
इन जिलों में बाढ़
फतेहपुर, बलिया, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, लखनऊ, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर।
ये नदियां उफान पर
गंगा, गंगा, घाघरा, कुआनो, राप्ती, बूढ़ी राप्ती, सई, रामगंगा, शारदा और कठना नदी।
