UP News: समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ सहित सभी जिला व महानगर कार्यालयों पर शुक्रवार (02 अक्टूबर) को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती मनाई गई। प्रदेश सपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य एवं अहिंसा के रास्ते पर चलकर आजादी के आंदोलन को तेज किया।
आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों के विरोधी सत्ता में है। ये नकारात्मक और दरारवादी सोच के लोग नाथूराम गोडसे को मानते है। ये वर्चस्ववादी लोग बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को नहीं मानते हैं। इन ताकतों को हराकर सत्ता से हटाना है।
आज लोकतंत्र और संविधान पर हमले हो रहे
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग गांधी जी से नफरत करते थे, वे आज भी उनके विचारों से नफरत करते हैं। आज लोकतंत्र और संविधान पर हमले हो रहे है। लूट, खसोट, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। समाजवादी पार्टी भाजपा को सत्ता से हटाएगी।
उन्होंने कहा कि 2024 में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन ने भाजपा को हराया है। इस बार पीडीए की ताकत के सामने भाजपा कहीं नहीं टिक पायेगी। समाजवादी पार्टी के पीडीए में प्रेम, दया, अपनापन है। समाजवादी पार्टी हर दुखी, पीड़ित, अपमानित के साथ खड़ी है। भाजपा ने समाज के हर तबके को अपमानित किया। शोषण किया है और धोखा दिया है।
नई पीढ़ी भाजपा से नाराज है
अखिलेश यादव ने कहा कि नई पीढ़ी और जेन-जी के पास नौकरी, रोजगार नहीं है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। नई पीढ़ी भाजपा से नाराज है। उत्तर प्रदेश में भाजपा का सफाया होना तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी समाजवादी पार्टी के विकास कार्यों का मुकाबला नहीं कर सकती है।
भाजपा ने प्रदेश की स्वास्थ्य, शिक्षा कानून व्यवस्था सब बर्बाद कर दिया है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
