UP News: उत्तर प्रदेश में सोमवार (08 जून) से पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। राजधानी में कुल 55 सेंटर हैं। परीक्षा 08, 09 और 10 जून को होगी। इन तीन दिनों के लिए कुल 1,35,936 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। पहले दिन की परीक्षा से पहले 07 जून की रात से ही हजारों अभ्यर्थी लखनऊ पहुंच गए। चारबाग स्टेशन पर जनसैलाब उमड़ पड़ा।
अभ्यर्थियों के ठहरने के नगर निगम ने चारबाग स्टेशन पर ही अस्थायी रैन बसेरा बनाया है। इसमें कूलर और पानी की व्यवस्था की गई है। इसी रैन बसेरे में अभ्यर्थियों ने रात बिताई। सुबह 8 बजे से ही केंद्रों में एंट्री शुरू हो गई। नेशनल पीजी कॉलेज सेंटर के बाहर एक नवविवाहिता अभ्यर्थी को अपना शृंगार उतारना पड़ा। उसने कंगन और मंगलसूत्र उतारकर पति को दे दिए। इसके बाद एंट्री हो सकी।
सिपाही भर्ती परीक्षा-2026
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की ओर से 32,679 पदों के लिए सिपाही भर्ती परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा पूरे यूपी में 08, 09 और 10 जून को कराई जा रही है। लखऊ में कुल 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त इंटर और डिग्री कॉलेज शामिल हैं। तीन दिनों के लिए कुल 1,35,936 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। हर पाली में 22,656 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
भर्ती बोर्ड मुख्यालय से 1183 एग्जाम सेंटर की निगरानी
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) मुख्यालय के कमांड कंट्रोल रूम से सभी 75 जिलों के 1183 एग्जाम सेंटर की निगरानी की जा रही है। हर केंद्र पर सीसीटीवी की मदद से देखा जा रहा है कि किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी या कोई दिक्कत परेशानी तो नहीं।

