June 2026 Changes: देश में कमर्शियल सिलेंडर 01 जून यानी आज से 53.50 रुपये तक महंगा हो गया है। दिल्ली में ये 3113.50 रुपये में मिल रहा है। 5 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमतों में 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद अब इस सिलेंडर की कीमत 821.50 रुपये हो गई है। इसके अलावा पेट्रोल, डीजल और ATF यानी हवाई जहाज के ईंधन पर नई एक्सपोर्ट ड्यूटी आज से लागू हो गई है। चलिए जून में होने वाले चार बड़े बदलावों के बारे में…
कॉमर्शियल सिलेंडर 53.50 रुपये तक महंगा
बदलाव: तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ₹53.50 रुपये तक महंगा कर दिया है। दिल्ली में इसकी कीमत ₹3113.50 हो गई है। पहले ये ₹3071.50 में मिल रहा था।
असर: कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से रेस्टोरेंट मालिकों का खर्च बढ़ेगा। ऐसे में वे चाय, नाश्ते और थाली महंगी कर सकते हैं। शादियों की कैटरिंग भी महंगी हो सकती है।
5 किलो वाला फ्री ट्रेड LPG सिलेंडर 11 रुपये महंगा
FTL सिलेंडर की कीमत 11 रुपये बढ़कर 821.50 रुपये हो गई है। पहले इसकी कीमत ₹810.50 थी। 5 किलो घरेलू सिलेंडर के दाम 339 रुपये पर स्थिर हैं। FTL सिलेंडर को छोटू सिलेंडर भी कहते हैं जिसे कोई भी बिना एड्रेस प्रूफ के ले सकता है। इनका ज्यादातर इस्तेमाल प्रवासी मजदूर, छात्र या छोटे दुकानदार करते हैं। वहीं, घरेलू सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पेट्रोल, डीजल और ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटी
बदलाव: केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और हवाई जहाज के ईंधन पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटा दी है। नई दरें आज 01 जून से लागू हो गई है। पेट्रोल के निर्यात पर ड्यूटी 1.5 रुपये प्रति लीटर तय की गई है। डीजल के निर्यात पर ड्यूटी 13.5 रुपये प्रति लीटर रखी गई है। हवाई जहाज के ईंधन (ATF) के निर्यात पर ड्यूटी 9.5 रुपये प्रति लीटर तय की गई है।
असर: यह एक प्रकार का टैक्स है, जो सरकार देश से बाहर बेची जाने वाली वस्तुओं पर लगाती है। टैक्स कम होने से रिफाइनरी कंपनियों को ज्यादा मुनाफा होगा। घरेलू पेट्रोल-डीजल के दामों पर कोई बदलाव नहीं होगा।
HDFC बैंक में छोटे UPI ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट बंद होगा
बदलाव: HDFC बैंक छोटे अमाउंट के UPI लेन-देन पर मिलने वाले मोबाइल SMS नोटिफिकेशन्स को पूरी तरह बंद कर रहा है।
पैसे भेजने पर: जब आप ₹100 से ज्यादा किसी को ट्रांसफर करेंगे, तभी SMS आएगा।
पैसे मिलने पर: जब आपके खाते में ₹500 से ज्यादा की रकम आएगी, तभी SMS आएगा।
असर: अक्सर दिनभर में चाय, सब्जी या छोटे-मोटे खर्चों के लिए ₹10, ₹20 या ₹50 के कई UPI पेमेंट होते हैं। इनके बार-बार आने वाले मैसेज से इनबॉक्स भर जाता था, जिससे अब राहत मिलेगी।
सब्सिडी वाले सोलर पैनल पर सख्त नियम
बदलाव: अब रूफटॉप सोलर और नेट-मीटरिंग प्रोजेक्ट्स में सरकार के मान्यता प्राप्त मैन्युफैक्चर्स के ही सोलर पैनलों का उपयोग होगा।
असर: इस फैसले के कारण घरेलू स्तर पर बने प्रमाणित पैनलों की मांग बढ़ेगी। इससे उपभोक्ताओं को शुरुआती खर्च तो ज्यादा देना पड़ेगा, लेकिन लंबे समय के लिए बेहतर क्वालिटी और वारंटी वाले सुरक्षित सोलर सिस्टम की गारंटी मिलेगी।

