CNG Rate Update: ईरान जंग के बीच कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतें पिछले दो सप्ताह के अंदर चौथी बार बढ़ गई हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने मंगलवार (26 मई) को CNG ₹2 प्रति किलोग्राम महंगी कर दी है। दिल्ली-NCR सहित कई शहरों में ये दाम बढ़ाए गए हैं।
दिल्ली और NCR के शहरों में अब यह होंगे नए रेट्स
दिल्ली में CNG ₹81.09 प्रति किलो से बढ़कर अब ₹83.09 प्रति किलो हो गई है।
नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में CNG के लिए ₹91.70 देने होंगे।
गुरुग्राम में CNG की कीमत बढ़कर ₹88.12 प्रति किलोग्राम कर दी गई है।
CNG के दाम ₹6 बढ़ चुके
दाम कितने बढ़े
26 मई ₹2
23 मई ₹1
18 मई ₹1
15 मई ₹2
पेट्रोल-डीजल के दाम महीने में चौथी बार बढ़े
तेल कंपनियों ने 25 मई को पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा कर दिया। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत ₹102.12 और डीजल की कीमत ₹95.20 हो गई है।
पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतों में क्यों हुई बढ़ोतरी?
पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दामों बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका की जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे, जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं।
क्रूड ऑयल की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियां दबाव में थीं। इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रही है तो पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतें और भी बढ़ाई जा सकती हैं।
तेल कंपनियों को हर दिन 600 करोड़ का घाटा
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने 25 मई को बताया कि सरकारी तेल कंपनियों को करीब 600 करोड़ रुपये प्रति दिन का घाटा हो रहा है। 15 मई से शुरू हुए कीमतों में बदलाव से पहले पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस बेचने पर कंपनियों को रोजाना लगभग 1,000 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा था।

