UP News: नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बरेली और मथुरा सहित 10 जिलों में सोमवार सुबह से रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। संभल में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज राज्य के 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें ज्यादातर पश्चिम यूपी के हैं। वहीं, पूर्वांचल के जिलों में मौसम साफ है, हल्की धूप निकली है।
मौसम विभाग का कहना है कि आज पश्चिमी यूपी में दिनभर मौसम बिगड़ा रहेगा। रुक-रुक कर बारिश होगी। कल यानी मंगलवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। तापमान 4 से 7°C तक बढ़ेगा। हालांकि, 26 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इससे 3-4 दिन तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर फिर से शुरू होगा। पिछले 24 घंटे की बात करें तो बाराबंकी-महाराजगंज समेत 10 जिलों में हल्की बारिश हुई।
26 मार्च से बारिश का दौर
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिम यूपी में आज बादल छाए हैं। रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अगले 2-3 दिन मौसम साफ रहेगा। तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। हालांकि, 26 मार्च से पूरे प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होगा।
पश्चिम और पूर्वी यूपी में मौसम का हाल
- गाजियाबाद: गाजियाबाद में सुबह बूंदाबांदी हुई। आसमान में काले बादल छाए हैं। हल्की बारिश होने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
- मेरठ: मेरठ में सुबह मौसम फिर से बदल गया है। हल्की बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवा चल रही है। इस वजह से तापमान में गिरावट आई। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, अगले 48 घंटे मौसम ऐसा ही रहेगा।
- नोएडा: नोएडा में देर रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री है। हवा की रफ्तार 8 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक जा सकता है। दोपहर बाद तक बारिश होने के आसार हैं।
- आगरा: आगरा में सुबह से बादल छाए हैं। हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिनभर बादल छाए रह सकते हैं।
- लखनऊ: लखनऊ में सुबह-शाम हवा में ठंडक बनी हुई है। सोमवार सुबह से ही तेज धूप निकली है। दिन के तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री रहा था।
- गोरखपुर: तेज धूप के साथ मौसम साफ बना हुआ है। आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही है। अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री के आसपास रहेगा। 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 24 मार्च: पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना है। ज्यादातर जिलों में कड़ी धूप निकलेगी, जिससे पारा 2 डिग्री तक बढ़ सकता है।
- 25 मार्च: पूरे यूपी में बारिश की संभावना नहीं है। मौसम साफ रहेगा। हालांकि, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
- 26 मार्च: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इससे पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं। तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
फसल गिरी तो बीमा क्लेम कर सकते हैं किसान
बारिश से जिन किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है, उनके लिए राहत की खबर है। सरकार के मुताबिक, कटाई के 14 दिनों के भीतर अगर फसल खराब होती है तो किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा क्लेम कर सकते हैं। जिला प्रशासन प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट देगा, जिसके आधार पर यूपी सरकार मुआवजा देने का फैसला कर सकती है।

