Inflation in India: कांग्रेस ने सरकार को घेरा, खरगे बोले- थाली और जेब से मापी जाएगी तरक्की

Inflation in India: कांग्रेस ने सरकार को घेरा, खरगे बोले- थाली और जेब से मापी जाएगी तरक्की

Inflation in India: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की प्रधानमंत्री के भाषणों की लंबाई से नहीं मापी जाएगी। इसे आम लोगों की थाली में मौजूद खाने और उनकी जेब में बचे पैसों से मापा जाएगा। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सरकार ने 12 साल पहले महंगाई कम करने का वादा किया था। लेकिन इसका नतीजा उल्टा निकला। आम लोगों को कम सामान मिल रहा है। उनकी जेब खाली हो रही है। जरूरी चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

कांग्रेस प्रमुख ने सरकार से क्या कहा?

खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हिंदी में एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘मोदी जी ने महंगाई कम करने का वादा किया था। लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि आम आदमी की थाली छोटी होती जा रही है, उसकी जेब खाली होती जा रही है और घर चलाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है’। उन्होंने  सवाल किया, ‘मोदी जी, देश की तरक्की का पैमाना आपके भाषणों की लंबाई नहीं, बल्कि आम आदमी की थाली में खाना और उसकी जेब में बचा पैसा है। आपकी आर्थिक बदइंतजामी की कीमत आखिर लोग कब तक चुकाते रहेंगे?’

12 साल में कितने बढ़े चीजों के दाम?

खरगे ने दावा किया, मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में महंगाई का बोझ लगातार बढ़ा है। लोग बेबस हैं। उन्होंने 2014 और 2026 के दामों की तुलना करते हुए कहा, 2014 में महंगाई कम करने का वादा किया गया था। लेकिन 2026 में लोगों की जेब पर बोझ बढ़ गया है। खरगे के मुताबिक, 2014 से 2026 के बीच जरूरी चीजों के दाम इस तरह बढ़े-

  • गेहूं का आटा: 21 रुपये से बढ़कर 69 रुपये हो गया।

  • अरहर की दाल: 75 रुपये से बढ़कर 180 रुपये हो गई।

  • सरसों का तेल: 102 रुपये से बढ़कर 263 रुपये हो गया।

  • दूध: 36 रुपये से बढ़कर 85 रुपये हो गया।

  • चावल: 29 रुपये से बढ़कर 71 रुपये हो गया।

सर्वे का हवाला देकर क्या कहा?

उन्होंने कहा, अब अक्तूबर में खाद्य महंगाई दर 8.94 फीसदी तक पहुंच गई है। थोक महंगाई दर 12.29 फीसदी हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने एक सर्वे का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि 61 फीसदी परिवारों का घरेलू जरूरतों पर हर महीने होने वाला खर्च पिछले साल के मुकाबले 20 फीसदी से ज्यादा बढ़ गया है। वहीं, 74 फीसदी लोगों को गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है। कांग्रेस ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से महंगाई पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री बताएं कि आसमान छूती कीमतों को रोकने के लिए सरकार कौन से ठोस कदम उठाने वाली है। कांग्रेस ने यह भी मांग की कि सरकार आम परिवारों को महंगाई से राहत देने के लिए अपनी योजना स्पष्ट करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *